- वर्धा और गढ़चिरौली विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक सहयोग को मिली सराहना, हिंदी पत्रकारिता के संरक्षण से लेकर एआई और ग्रामीण मीडिया अनुसंधान तक खुलेंगे नये रास्ते
रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर के आगामी दीक्षांत समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन के आमंत्रण को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति रमेन डेका ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है। इस सहमति के साथ ही विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।
इस सिलसिले में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, शोध गतिविधियों और संस्थागत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने आगामी दीक्षांत समारोह की तैयारियों की जानकारी भी साझा की। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी लेते हुए भविष्य की योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिये।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री को समारोह में आमंत्रित किये जाने पर राज्यपाल ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा नेतृत्व की उपस्थिति विद्यार्थियों के लिये प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इससे उच्च शिक्षा और पत्रकारिता के क्षेत्र में भविष्य बनाने वाले युवाओं को नई दिशा और प्रोत्साहन मिलेगा।
- हिंदी पत्रकारिता की विरासत को डिजिटल स्वरूप देने की पहल
मुलाकात के दौरान महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा और गोंडवाना विश्वविद्यालय गढ़चिरौली के साथ केटीयू द्वारा किये गये शैक्षणिक समझौतों पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने इन संस्थानों के साथ अकादमिक साझेदारी को सकारात्मक पहल बताते हुए कुलपति को बधाई दी।
कुलपति प्रो. दयाल ने बताया कि वर्धा विश्वविद्यालय के साथ हुए समझौते के माध्यम से हिंदी पत्रकारिता की लगभग 200 वर्षों की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने और उसे आधुनिक तकनीक से जोड़ने की योजना है। इसके तहत एआई एवं मीडिया शोध केंद्र के माध्यम से संयुक्त अनुसंधान, हिंदी पत्रकारिता का डिजिटल आर्काइव, फैक्ट चेकिंग तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग से मीडिया के क्षेत्र में नये प्रयोगों को बढ़ावा दिया जायेगा।
- ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की पत्रकारिता पर होगा शोध
गोंडवाना विश्वविद्यालय गढ़चिरौली के साथ हुए समझौते से ग्रामीण एवं विकास पत्रकारिता को नई मजबूती मिलने की संभावना है। इस साझेदारी में आदिवासी संस्कृति, वन एवं पर्यावरण तथा ग्रामीण अंचलों से जुड़े सामाजिक विषयों पर संयुक्त शोध किया जायेगा। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं, स्थानीय जरूरतों और विकास की संभावनाओं को अकादमिक अध्ययन का हिस्सा बनाने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।
- विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ मिलेगा मैदानी अनुभव
दोनों विश्वविद्यालयों के सहयोग से विद्यार्थियों के आदान-प्रदान, ग्रामीण संवाददाताओं के प्रशिक्षण, क्षेत्र आधारित अनुसंधान और सामुदायिक रेडियो से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जायेगा। इससे पत्रकारिता के विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित ज्ञान के साथ वास्तविक परिस्थितियों में काम करने और समाज के बीच जाकर सीखने का अवसर मिलेगा।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक साझेदारी से ज्ञान का आदान-प्रदान होता है और अनुसंधान एवं नवाचार की नई संभावनाएं विकसित होती हैं। ऐसे प्रयासों का लाभ सीधे विद्यार्थियों को मिलता है साथ ही हिंदी पत्रकारिता, ग्रामीण विकास और तकनीक आधारित मीडिया अनुसंधान को भी नई मजबूती मिलती है।
केटीयू की इन पहलों को पत्रकारिता शिक्षा को बदलते तकनीकी परिवेश, सामाजिक जिम्मेदारियों और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने इस संबंध में जानकारी दी।





























