- श्रीराम मंदिर में कार्तिक महिला मंडल ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गोवर्धन पूजा, कार्तिक पुराण कथा में प्रतिदिन उमड़ रहे श्रद्धालु
मनेन्द्रगढ़। भक्ति, आस्था और धार्मिक परंपराओं के संगम के बीच नगर के प्रतिष्ठित श्रीराम मंदिर में कार्तिक महिला मंडल ने गोवर्धन पूजा का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किये गये। महिला मंडल की सदस्यों ने भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रीराम मंदिर में कार्तिक मास के अवसर पर महिला मंडल की ओर से पिछले पंद्रह दिनों से धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। प्रतिदिन महिलाएं नियमित रूप से पूजा अर्चना और कार्तिक पुराण कथा में शामिल होकर धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रही हैं। मंदिर में सुबह से ही भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण देखने को मिल रहा है।

आयोजन में मंदिर के महंत पंडित ओम नारायण द्विवेदी द्वारा सुनाई जा रही कार्तिक पुराण की कथा श्रद्धालुओं के लिये विशेष आकर्षण बनी हुई है। कथा के माध्यम से वे धर्म, अध्यात्म, सदाचार, दान-पुण्य और मानव सेवा जैसे जीवन मूल्यों का संदेश दे रहे हैं।
इस दौरान पंडित ओम नारायण द्विवेदी ने कहा कि परोपकार ही वह श्रेष्ठ मार्ग है जो मनुष्य को नर से नारायण बनने की दिशा में ले जाता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य की श्रेष्ठता उसके धन, पद अथवा प्रतिष्ठा से नहीं बल्कि उसके सेवा भाव और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता से निर्धारित होती है। जो व्यक्ति दूसरों के दुख को अपना समझकर उनकी सहायता करता है वही वास्तविक अर्थों में धर्म का पालन करता है। पूजा पाठ तभी सार्थक है जब उसका प्रभाव हमारे व्यवहार और विचारों में दिखाई दे तथा हमारे भीतर दया, करुणा और मानव कल्याण की भावना विकसित हो।
गोवर्धन पूजा के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, गौवंश के संरक्षण और पर्यावरण के महत्व को समझने की प्रेरणा देता है। गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक भी है।

कार्तिक महिला मंडल की इस पहल से मंदिर में धार्मिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिल रही है। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से ना केवल पारंपरिक पूजा-पद्धतियों का निर्वहन हो रहा है बल्कि नई पीढ़ी तक धार्मिक संस्कारों और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी पहुंच रहा है।
मंदिर के महंत पंडित ओम नारायण द्विवेदी द्वारा कार्तिक पुराण की कथा आगामी 24 नवंबर तक प्रतिदिन सुनाई जायेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और जीवन में सद्कर्मों के महत्व से जुड़े प्रसंगों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा।





























