- ट्रस्ट अध्यक्ष संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई 21वीं सामान्य बैठक
- जीरो डिस्चार्ज, नो कंस्ट्रक्शन जोन, जल की शुद्धता, साफ सफाई आदि विषयक चर्चा कर लिए गए निर्णय
- बैठक में सांसद, विधायक,कलेक्टर सहित सदस्य गणों ने की सहभागिता
अनूपपुर,12 नवंबर 2026/ श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गगम) ट्रस्ट अमरकंटक की 21वी सामान्य बैठक ट्रस्ट की अध्यक्ष शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता की अध्यक्षता में 11 नवंबर 2026 को अपराह्न में नगर परिषद अमरकंटक के सभा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, विधायक पुष्पराजगढ़ श्री फुन्देलाल सिंह, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, वन मंडलाधिकारी डेविड वेंकट राव चनाप, अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, सहित ट्रस्ट के सदस्य गण उपस्थित थे।
बैठक में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी की समीक्षा बैठकों के निर्देशों के अनुपालन में नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की पुनर्स्थापना, प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का दस्तावेजीकरण एवं संरक्षण संवर्धन, उद्गम कुंड व मंदिर परिसर में जल गुणवत्ता ‘जीरो डिस्चार्ज’ एवं प्लास्टिक प्रतिबंध, मंदिर परिसर के आसपास अतिक्रमण नियंत्रण, नो कंस्ट्रक्शन जोन एवं धार्मिक मर्यादा के पालन से संबंधित विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिया गया।
बैठक में वार्षिक आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया तथा मासिक आय पंजी संधारण के संबंध में निर्णय लिया गया। नर्मदा उद्गम मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार में काऊ कैचर लगाने तथा द्वार के मूल पौराणिक स्वरूप मे आकर्षक व भव्य बनाने के संबंध में चर्चा कर निर्णय लिया गया। मंदिर प्रांगण व माई की बगिया के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप में लाने, उद्गम कुंड एवं स्नान क्षेत्र के जल की शुद्धता बनाए रखने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से मासिक सेंपलिंग तथा मंदिर परिसर से निकलने वाले जल, पूजन सामग्री का वैज्ञानिक प्रबंधन आदि पर चर्चा कर निर्णय लिया गया।
बैठक में मंदिर एवं उद्गम क्षेत्र के समीप अनाधिकृत अतिक्रमण व सीमेंट कंक्रीट संरचना को चिन्हांकित कर चरणबद्ध रूप से हटाने व मंदिर परिसर के आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता तथा प्रतिबंधित गतिविधियों के कड़ाई से पालन, यातायात/आवागमन नियंत्रण तथा अमरकंटक सीवरेज योजना के सुदृढीकरण की समीक्षा कर सतत रूप से निर्देशों के पालन के अनुरूप कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में कोटि तीर्थ घाट के दोनों घाटों पर शेड बनाने, माई की बगिया पूजा स्थल मंडप शेड के चारों ओर ग्रिल लगाने, मुख्य मंदिर यज्ञशाला एवं माई की बगिया धूना शेड की मरम्मत, माई की बगिया में रसोई शेड बनाने, माई की बगिया में पानी की सतत आपूर्ति हेतु पानी टंकी की स्थापना के संबंध में निर्णय लिया गया।




























