अनूपपुर, 12 नवंबर 2026- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रत्नाकर झा के मार्गदर्शन में जिले में मतदाता सूची के प्ररूप का प्रकाशन किया गया। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 744 मतदान केंद्रों सहित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में मतदाता सूची का प्ररूप प्रकाशित किया गया है।
प्रकाशित जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र कोतमा के 208, अनूपपुर के 246 तथा पुष्पराजगढ़ के 290 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्ररूप प्रकाशित किया गया है। इस प्रकार जिले के सभी 744 मतदान केंद्रों पर प्ररूप मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई है।
मतदाताओं की सुविधा एवं पारदर्शिता के दृष्टिगत प्ररूप मतदाता सूची संबंधित मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराई गई है। नागरिक अपने संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध मतदाता सूची का अवलोकन कर उसमें दर्ज अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच कर सकते हैं।
प्ररूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही पात्र नागरिकों से नाम जोड़ने, अपात्र नामों को विलोपित कराने तथा मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों में दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। मतदाता संबंधित बीएलओ के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।




























