माँ नर्मदा को अविरल एवं निर्मल बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता से कार्य करने का आह्वान
अनूपपुर 24 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार मोक्षदायिनी माँ नर्मदा को अविरल, निर्मल एवं प्रवाहमान बनाए रखने के उद्देश्य से नर्मदा समग्र मिशन द्वारा कार्ययोजना बनाकर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 13 अप्रैल 2026 को श्री नर्मदे हर सेवा न्यास, अमरकंटक में नर्मदा समग्र मिशन की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
उक्त निर्देशों के परिपालन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में 23 अगस्त 2026 को श्री नर्मदे हर सेवा न्यास, अमरकंटक में जिलास्तरीय रेवा सेवा समागम कार्यक्रम के तहत नर्मदा संवाद का आयोजन किया गया। एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ देवी संपद मंडल के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद जी महाराज ने माँ नर्मदा के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।
महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद जी महाराज ने कहा कि माँ नर्मदा को अविरल एवं निर्मल बनाए रखने के लिए जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों एवं कार्यशालाओं के माध्यम से विभिन्न सुझाव प्राप्त होते हैं, जो नर्मदा संरक्षण के लिए प्रभावी रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार करने में सहायक होते हैं। उन्होंने माँ नर्मदा के तटों को हरा-भरा बनाने तथा नर्मदा की सहायक नदियों एवं अमरकंटक के सरोवरों के संरक्षण के लिए सभी को संकल्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया, ताकि माँ नर्मदा का प्रवाह अविरल एवं निर्मल बना रहे।
कार्यक्रम में नर्मदा समग्र के कार्यकारी निदेशक डॉ. कार्तिक सप्रे एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक श्री भीम सिंह डामोर उपस्थित रहे। एक दिवसीय कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों द्वारा नर्मदा संरक्षण के विभिन्न विषयों पर नर्मदा सेवियों को जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया गया। डॉ. संतोष शुक्ला ने नर्मदा पथ एवं परिक्रमा, डॉ. अनिल कुर्मी ने नर्मदा जलग्रहण क्षेत्र में जैविक एवं प्राकृतिक कृषि, डॉ. कार्तिक सप्रे ने घाट संस्कृति एवं संरक्षण तथा श्री भीम सिंह डामोर ने नर्मदा नदी एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण विषय पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश कुमार पाण्डेय ने अनूपपुर जिले में माँ नर्मदा पर किए गए सर्वेक्षण कार्य की रिपोर्ट प्रस्तुत की। सामूहिक संवाद सत्र के माध्यम से नर्मदा संरक्षण के लिए किए जाने वाले कार्यों की कार्ययोजना भी तैयार की गई।कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, नर्मदा समग्र एवं नर्मदा सुमंगल अभियान से जुड़े नर्मदा सेवियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री फते सिंह भी उपस्थित रहे।




























































