सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

---Advertisement---

सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक व रुद्राभिषेक

रिपोर्टर – भरत मिश्रा, कोतमा

अनूपपुर/कोतमा। श्रावण मास के पावन पर्व के अंतिम सोमवार को अनूपपुर जिले में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिला मुख्यालय अनूपपुर सहित कोतमा, बिजुरी, राजनगर, रामनगर, भालूमाड़ा, जमुना कॉलरी, जैतहरी, वेंकटनगर, राजेंद्रग्राम और पवित्र नगरी अमरकंटक के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार कर आकर्षक सजावट की गई। पूरे दिन मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजते रहे।

महिलाओं ने की विशेष पूजा-अर्चना

सावन के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिव मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। कई श्रद्धालुओं ने घरों में भी पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका अभिषेक एवं पूजन किया।

कोतमा के शिवालयों में सुबह से लगा भक्तों का तांता

कोतमा नगर के ठाकुर बाबा धाम, पंचायती मंदिर, शारदा काली मंदिर, बूढ़ी माता मंदिर, गौरी शंकर मंदिर, पुरानी बस्ती स्थित शिव सागर धाम, वार्ड क्रमांक 4 के शंकर मंदिर, मगरदहा टोला, रेस्ट हाउस रोड, विकास नगर तथा लहसुई कैंप मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर कई मंदिरों में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार किया गया। भक्तों ने श्रद्धा के साथ भोलेनाथ को राखी भी बांधी और परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की।

ठाकुर बाबा धाम और पंचायती मंदिर में हुआ सामूहिक रुद्राभिषेक

नगर के ठाकुर बाबा धाम एवं पंचायती मंदिर में सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु जोड़ों के साथ शामिल हुए और भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

श्रद्धालुओं ने दूध, दही, शहद, गंगाजल और जल से भगवान शिव का अभिषेक किया तथा बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल आदि अर्पित किए। सावन के अंतिम सोमवार के चलते मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

भोलेनाथ का हुआ भव्य श्रृंगार

त्रिलोक के स्वामी, अखंड ब्रह्मांड नायक भगवान भूतभावन भोलेनाथ का विभिन्न शिव मंदिरों में अभिषेक कर भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिरों को फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। विशेष श्रृंगार के बाद भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों में दर्शन, पूजन और अभिषेक का क्रम जारी रहा। श्रद्धालुओं ने सावन के अंतिम सोमवार को भगवान शिव की आराधना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

पवित्र नगरी अमरकंटक में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

जिले की पवित्र नगरी अमरकंटक में भी सावन के अंतिम सोमवार पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम पवित्र नर्मदा नदी में स्नान कर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन किया।

अमरकंटक स्थित अमलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को जल, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल अर्पित कर अभिषेक किया। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर अमरकंटक में पूरे दिन धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।

श्रावण मास के अंतिम सोमवार ने जिलेभर में आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। शिवालयों में उमड़ी भीड़ और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा अंचल शिवमय नजर आया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment