ओबीसी की गिनती स्पष्ट हो, तभी तय हो हिस्सेदारी का आधार
जातिगत जनगणना में अलग कॉलम की मांग को लेकर कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
मनेन्द्रगढ़। अन्य पिछड़ा वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का प्रमाणिक आंकड़ा सामने लाने की मांग को लेकर कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने मोर्चा खोला है। जिला अध्यक्ष मनोज साहू के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम अपर कलेक्टर एमसीबी को ज्ञापन सौंपते हुए आगामी जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिये पृथक और स्पष्ट कॉलम शामिल करने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि ओबीसी वर्ग की जनसंख्या से संबंधित अद्यतन और आधिकारिक आंकड़ों की उपलब्धता सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों के निर्धारण के लिये महत्वपूर्ण है। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग का कहना है कि शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, छात्रवृत्ति, सरकारी योजनाओं और प्रतिनिधित्व से जुड़े निर्णयों के लिये समुदाय की वास्तविक जनसंख्या का प्रमाणिक आंकड़ा सामने होना जरूरी है
ज्ञापन में मांग की गई कि आगामी जनगणना में ओबीसी की गणना के लिये स्पष्ट प्रावधान किया जाये। आंकड़ों का संकलन वैज्ञानिक और पारदर्शी प्रक्रिया से हो तथा जनगणना के बाद प्राप्त आंकड़ों को सार्वजनिक किया जाये।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग रखी कि जातिगत जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व से जुड़ी नीतियों और पिछड़ा वर्ग के लिये संचालित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की जाये साथ ही ओबीसी समुदाय की संवैधानिक हिस्सेदारी और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक कदम उठाये जायें
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के जिला अध्यक्ष मनोज साहू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राज कुमार केशरवानी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष हाफिज मेमन, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेश शर्मा, राजेश सिंह, अनिल वर्मा, पार्षद स्वप्निल सिन्हा, अशोक साहू, बलराम साहू, मनीष साहू, जमुना खांडे, मोहनी, शिवम, पियूष ताम्रकार, गितीका चंदेल सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।


































































