अमर शहीद दयाल पनिका का 84वां सामूहिक शहादत दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया
पार्षद पवन कुमार चीनी सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित, सामाजिक एकता, शिक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश
अनूपपुर। आदिवासी पनिका समाज विकास संगठन, संभाग रीवा-शहडोल के तत्वावधान में नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 07, बसंतपुर दफाई स्थित पानी टंकी के पास अमर शहीद दयाल पनिका जी का 84वां सामूहिक शहादत दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज की महिला-पुरुषों सहित बड़ी संख्या में स्वजातीय समाजजन, ग्रामीण एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे
कार्यक्रम का उद्देश्य अमर शहीद दयाल पनिका के त्याग, बलिदान एवं शहादत को स्मरण करते हुए उनकी वीरगाथा और आदर्शों को समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। इस अवसर पर बच्चों एवं युवाओं को उनके जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेने के साथ ही शिक्षा, सामाजिक संगठन, एकजुटता एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया
सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता बी. डिं. मौर्य, जिला अध्यक्ष शहडोल ने की। कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष एलआर सोनवानी, भैया लाल पनिका, लल्लू पनिका, केपी संत, सुभाष करायत, महेश पनिका, दिनेश कुमार पनिका, मेडिकल कॉलेज से पधारे डॉ. अजय कुमार राठिया, कार्यक्रम संयोजक आरपी पनिका एवं जालिम पड़वार सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे
वहीं नगर के गणमान्य नागरिकों में नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन कुमार चीनी, पूर्व सरपंच यदुराज पनिका, शिव शंकर पांडे, मो. इदरीश, प्रहलाद राय, राजाराम पासवान, राजन मौर्य, मुकेश पासी, नंदव वर्मा, हरि मौर्य, संतोष, राजेश एवं दिनेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे
संभागीय अध्यक्ष एलआर सोनवानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज की सामाजिक एकता और अखंडता को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। समाज की मजबूती के लिए सभी को आपसी सहयोग, भाईचारे और एकजुटता के साथ आगे बढ़ना चाहिए
नई पीढ़ी को इतिहास और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का आह्वान
मेडिकल कॉलेज से पधारे डॉ. अजय कुमार राठिया ने कहा कि अमर शहीद दयाल पनिका के जीवन एवं संघर्ष को सभी को पढ़ने और समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को समय-समय पर समाज से जुड़े रहने, अपने इतिहास एवं गौरवशाली परंपराओं को जानने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए
महेश पनिका ने कहा कि अमर शहीद दयाल पनिका ने पनिका समाज के साथ-साथ सर्व समाज एवं सर्वधर्म की भावना से ऊपर उठकर देश के सम्मान और गौरव के लिए अपने प्राणों की परवाह किए बिना बलिदान दिया। उनके जीवन से सामाजिक एकता, संगठन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है
शिक्षा को बढ़ावा देने और नशे से दूर रहने का संदेश
कार्यक्रम संयोजक जालिम पड़वार ने समाज को संगठन को सर्वोपरि मानते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूरी बनाए रखने और परिवार एवं समाज को नशामुक्त रखने के लिए सभी को जागरूक होने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पढ़ने वाले बच्चों का समय-समय पर पेन, कॉपी एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री देकर उत्साहवर्धन किया जाना चाहिए, ताकि उनमें शिक्षा के प्रति रुचि और आगे बढ़ने का उत्साह बना रहे।
शहीद के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में जालिम पड़वार ने सभी उपस्थित समाजजनों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के ऐसे कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक समाजजन इनसे जुड़ सकें। सामाजिक संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी को मिलकर निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने अमर शहीद दयाल पनिका के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों, त्याग एवं संघर्ष को समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा समाज को शिक्षित, संगठित एवं जागरूक बनाने का संकल्प लिया।


































































