विजय शंकर सोनी अनूपपुर राजेन्द्रग्राम-बेनीबारी मुख्य मार्ग पर ग्राम लखौरा के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। राजेन्द्रग्राम पुलिस ने मामले में मर्ग जाँच पूर्ण कर मंगलवार (24 नवंबर) को आरोपी बोलेरो चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मिथलेश कुमार बनवासी (28 वर्ष), निवासी ग्राम सिधौली (थाना कोतवाली, जिला डिण्डौरी) अपने परिचित तेज प्रताप सिंह आयाम के घर ग्राम शिवरीचंदास आया हुआ था। बीते 12 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे परसेलकला निवासी नरेन्द्र सिंह परस्ते (17 वर्ष) भी वहाँ पहुँचा। इसके बाद तीनों दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ग्राम परसेलकला जाने के लिए निकले।
एच.एफ. डीलक्स मोटरसाइकिल पर मिथलेश कुमार बनवासी और नरेन्द्र सिंह सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर तेज प्रताप सिंह पीछे चल रहे थे। दोपहर करीब 1:00 बजे जैसे ही वे राजेन्द्रग्राम-बेनीबारी मुख्य मार्ग पर ग्राम लखौरा में विश्वकर्मा के घर के पास पहुँचे, तभी सामने से (बेनीबारी की ओर से) आ रही बोलेरो वाहन क्रमांक MP 18 T 3357 के चालक ने वाहन को अत्यधिक तेज गति व लापरवाहीपूर्वक लहराते हुए चलाकर मिथलेश की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में मिथलेश को सिर, माथे, चेहरे और सीने में गंभीर चोटें आईं, वहीं नरेन्द्र के दाहिने पैर में चोट लगी। दोनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु राजेन्द्रग्राम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मिथलेश कुमार बनवासी को मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात चालक पर मामला दर्ज
घटना के बाद सूचनाकर्ता तेज प्रताप सिंह की रिपोर्ट पर थाना राजेन्द्रग्राम में मर्ग क्रमांक 70/2026 (धारा 194 बीएनएसएस) कायम कर जाँच में लिया गया था। प्रधान आरक्षक द्वारा की गई जाँच, चश्मदीद साक्षियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट (जिसमें सिर की गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव से मृत्यु होना पाया गया) के आधार पर बोलेरो वाहन क्रमांक MP 18 T 3357 के अज्ञात चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(A) एवं 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन व चालक की तलाश की जा रही है।












































