- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दल को किया रवाना
अनूपपुर 24 नवंबर 2026/ उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित सेंट्रल सेक्टर स्कीम फॉर डेवलपमेंट ऑफ मखाना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में मखाना की खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 5 कृषकों का दल प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर विजिट के लिए रायपुर (छत्तीसगढ़) रवाना हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर अनूपपुर से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर कृषक दल को रवाना किया।
कृषक दल 26 एवं 27 नवंबर 2026 को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर में आयोजित मखाना महोत्सव में शामिल होकर मखाना की खेती की तकनीक एवं उत्पादन संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करेगा।
इसके साथ ही कृषक दल ओजस फार्म, लिंगाडीह, रायपुर पहुंचकर मखाना की खेती, प्रक्षेत्र प्रबंधन, उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन केंद्र का अवलोकन कर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करेगा। इस प्रशिक्षण एवं भ्रमण से कृषकों को मखाना उत्पादन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी, जिससे अनूपपुर जिले के विकासखंड स्तर पर मखाना की खेती प्रारंभ करने की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर उद्यानिकी विभाग के उद्यान विकास अधिकारी श्री सरदार सिंह चौहान, श्री माखनलाल प्रजापति, श्री दीपक कुमार बुनकर, श्री बाबूलाल कोल, श्री भीषम सिंह धुर्वे, श्री नरेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, श्री शिवकार चौधरी एवं श्री कोमल प्रसाद रविदास उपस्थित रहे।













































