- जनप्रतिनिधि की तानाशाहीपूर्ण कार्यशैली की सीएमओ से शिकायत, इंजीनियर ने मांगी सुरक्षा; कहा– कल से नगर परिषद मत आना, आए तो हाथ-पैर तुड़वा देंगे
अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत जियो टैगिंग को लेकर जनप्रतिनिधि और तकनीकी कर्मचारी के बीच विवाद गहरा गया है। योजना के निर्धारित मापदंडों पर मकान खरा नहीं उतरने के कारण जियो टैगिंग से इनकार करना जूनियर सिविल इंजीनियर सलमान खान को भारी पड़ गया। वार्ड क्रमांक 02 के पार्षद एवं लोक निर्माण विभाग के सभापति सौरव कोरी पर इंजीनियर को धमकाने, अभद्रता करने और शासकीय कार्य में दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पीड़ित इंजीनियर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवांगी सिंह बघेल को लिखित शिकायत सौंपकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
नियमों के आगे नहीं झुके इंजीनियर, तो शुरू हुआ विवाद
शिकायत के अनुसार, 21 अक्टूबर को जूनियर सिविल इंजीनियर सलमान खान प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत जियो टैगिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पार्षद सौरव कोरी ने उन्हें वार्ड क्रमांक 02 निवासी रंजीत कुम्हार के मकान की जियो टैगिंग करने के लिए कहा। इंजीनियर ने जब मौके पर पहुंचकर मकान का भौतिक सत्यापन किया तो उनके मुताबिक निर्धारित मापदंडों से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। मकान का क्षेत्रफल 45 वर्ग मीटर से अधिक था, शौचालय की सुविधा नहीं थी और अन्य आवश्यक शर्तें भी पूरी नहीं हो रही थीं। ऐसे में योजना के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए उन्होंने जियो टैगिंग करने से इनकार कर दिया।
हाथ-पैर तुड़वाने की धमकी का आरोप, नगर परिषद आने से किया मना
इंजीनियर सलमान खान ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जियो टैगिंग से इनकार करने पर पार्षद सौरव कोरी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अनुचित दबाव बनाया। इतना ही नहीं, कथित तौर पर उन्हें धमकी देते हुए कहा गया कि कल से नगर परिषद में मत आना, यदि आए तो अन्य लोगों से कहकर तुम्हारे हाथ-पैर तुड़वा देंगे।शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने मामले की शिकायत करने की बात कही तो उन्हें यह कहकर चुनौती दी गई कि जहां शिकायत करना हो कर दो, नगर परिषद में उनका प्रभाव है।
सीएमओ से लगाई गुहार, सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
कथित धमकी से भयभीत जूनियर इंजीनियर ने सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कराने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और उच्च अधिकारियों के माध्यम से उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भौतिक सत्यापन और जियो टैगिंग का कार्य केवल निर्धारित नियमों एवं पात्रता के आधार पर ही कराया जाए, ताकि किसी जनप्रतिनिधि या अन्य व्यक्ति के दबाव में काम न करना पड़े।
सरकारी योजना या जनप्रतिनिधि की मर्जी? उठे सवाल
बरगवां-अमलाई में सामने आए इस घटनाक्रम ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जनप्रतिनिधियों के कथित हस्तक्षेप और कर्मचारियों की कार्यसुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जब तकनीकी कर्मचारी नियमों के अनुरूप पात्रता का सत्यापन कर रहा है, तो उस पर दबाव बनाने और धमकी देने की नौबत क्यों आ रही है? क्या सरकारी योजनाओं का संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों से होगा या जनप्रतिनिधियों की मर्जी से? फिलहाल जूनियर इंजीनियर की शिकायत के आधार पर प्रशासनिक स्तर पर जांच और कार्रवाई का इंतजार है।
इनका कहना है।
शासन की योजनाएं को धरातल पर पूरा करने के लिए परिषद लगातार कार्यरत है लेकिन वहीं पर वार्ड न.2 के पार्षद के द्वारा अपने हिसाब से जियो टेकिंग करने का कार्य कराया जा रहा था जिसे इंजीनियर द्वारा मना करने पर डराया धमकाया गया है शिकायत प्राप्त हुई है जांच कर जानकारी उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिवांगी सिंह बघेल
मुख्य नगर पालिका अधिकारी बरगवां












































