- संत भगवान दास ने किया यात्रा का भव्य शुभारंभ , 500 से अधिक श्रद्धालु हुए परिक्रमा यात्रा में शामिल
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में कार्तिक पूर्णिमा के पावन पवित्र अवसर पर मंगलवार 24 नवंबर 2026 को पृथ्वी-मैकल परिक्रमा यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ । गणेश धूना अमरकंटक के संत श्री 108 भगवान दास जी महाराज के संयोजन में आयोजित इस धार्मिक यात्रा का प्रारंभ मां नर्मदा उद्गम कुंड से विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन , वैदिक मंत्रोच्चार एवं आरती के साथ किया गया । मां नर्मदा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच 500 से अधिक श्रद्धालुओं का विशाल दल मैकल परिक्रमा के संकल्प के साथ मैकल परिक्रमा यात्रा पर रवाना हुआ ।
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर नर्मदा मंदिर के विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक रीति से पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया । नर्मदा मंदिर के पुजारी उमेश कुमार द्विवेदी ने विधि-विधान से मां नर्मदा का पूजन पश्चात सामूहिक आरती कर यात्रा की निर्विघ्न एवं मंगलमय सफलता तथा सभी यात्रियों के सुख , समृद्धि और कल्याण की कामना की गई ।
श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास देखने को मिला ।
तीसरे वर्ष निकाली जा रही मैकल परिक्रमा यात्रा
उल्लेखनीय है कि अमरकंटक मैकल परिक्रमा यात्रा का आयोजन लगातार तीसरे वर्ष किया जा रहा है । इसके पूर्व प्रथम वर्ष 2024 एवं द्वितीय वर्ष 2025 में भी इस धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया था । यह तीसरी यात्रा 2026 में की जा रही है जिसका प्रमुख उद्देश्य मां नर्मदा की महिमा , मैकल पर्वत क्षेत्र की धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत , प्राचीन परंपराओं तथा सनातन संस्कृति के प्रति जनमानस में श्रद्धा और जागरूकता को बढ़ावा देना है । इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालु मां नर्मदा के प्रति अपनी आस्था , समर्पण और परिक्रमा के संकल्प को साकार कर रहे हैं ।
संत सीताराम जू महाराज हैं यात्रा के संरक्षक
इस धार्मिक परिक्रमा यात्रा के संरक्षक नर्मदा पुत्र श्री सीताराम जू महाराज 108 परम संत अमरकंटक धाम हैं । यात्रा के संयोजक श्री 108 संत भगवान दास जी महाराज गणेश धूना आश्रम अमरकंटक तथा आयोजक नर्मदा मैकल परिक्रमा आयोजन समिति है । समिति के मार्गदर्शन में 500 से अधिक श्रद्धालुओं का दल मां नर्मदा की आराधना करते हुए निर्धारित मार्ग से परिक्रमा के लिए आगे बढ़ रहा है ।
अरंडी संगम में पहला पड़ाव , बोन्दर में होगा रात्रि विश्राम
मां नर्मदा उद्गम कुंड से प्रारंभ हुई यात्रा का पहला पड़ाव अरंडी संगम स्थित मां नर्मदा के दक्षिण तट पर रहा । यहां यात्रियों के लिए दोपहर का भोजन-प्रसादी की व्यवस्था की गई । श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण करने के बाद अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान किया । यात्रा दल बोन्दर में रात्रि विश्राम करेगा तथा अगले दिन प्रातः पुनः अपनी परिक्रमा यात्रा आगे बढ़ाएगा ।
आयोजन समिति के अनुसार मैकल परिक्रमा यात्रा लगभग सात दिवसीय पूर्ण करने के पश्चात श्रद्धालुओं का दल वापस पुनः गणेश धूना अमरकंटक पहुंचेगा । यहां विशाल कन्या पूजन , संत-ब्राह्मण सेवा एवं भंडारे के आयोजन के साथ मैकल परिक्रमा यात्रा का विधिवत समापन होगा ।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मां नर्मदा की उद्गम स्थली से आरंभ हुई यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए महज एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि मां नर्मदा के प्रति अटूट आस्था , समर्पण और सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का आध्यात्मिक संकल्प भी है । 500 से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की ।












































