संविधान दिवस पर युवाओं और विद्यार्थियों को संविधान से जोड़ने की पहल

---Advertisement---

अनूपपुर 25 नवम्बर 2026/ संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवम्बर को जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रातः 11 बजे भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता तथा उसमें निहित लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना है।

मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार संविधान दिवस का आयोजन जिला, अनुविभाग, तहसील, नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत एवं ग्राम स्तर पर किया जाएगा। इसमें शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायती राज संस्थाओं, नगरीय निकायों, युवा संगठनों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।

इस अवसर पर नागरिकों एवं विद्यार्थियों को MyGov पोर्टल के माध्यम से संविधान की उद्देशिका के ऑनलाइन वाचन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही MY Bharat एवं MyGov पोर्टल पर आयोजित संविधान प्रश्नोत्तरी में भी युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह प्रश्नोत्तरी 18 से 26 नवम्बर 2026 तक आयोजित की जा रही है। इसके अतिरिक्त 24 से 26 नवम्बर तक विकसित भारत युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को सहभागिता का अवसर दिया जा रहा है।

संविधान के मूल्यों एवं मौलिक सिद्धांतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, संगोष्ठी, पोस्टर निर्माण एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। संबंधित विभागों को इन आयोजनों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायतों, नगरीय निकायों एवं युवा संगठनों की सक्रिय सहभागिता के निर्देश दिए गए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment