- बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी
अनूपपुर 24 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती संजीता भगत के मार्गदर्शन में बाल विवाह भारत मुक्ति अभियान के अंतर्गत अमरकंटक में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान के तहत सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास श्रीमती मंजूषा शर्मा द्वारा नर्मदा मंदिर परिसर में आमजन को बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। बताया गया कि बाल विवाह करने, करवाने तथा इसमें सहयोग करने वाले व्यक्तियों एवं सेवा प्रदाताओं के विरुद्ध सजा एवं जुर्माने का प्रावधान है।
कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पॉक्सो एक्ट, बाल एवं महिला संरक्षण, वन स्टॉप सेंटर, बाल भिक्षावृत्ति तथा बाल श्रम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई। आमजन को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया गया।











































