- नगर के विकास को नई दिशा दे रहीं सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल, 15 वार्डों में विकास कार्यों को मिल रही गति
- सफाई व्यवस्था से लेकर सड़क, नाली, तालाब सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट तक, नगर परिषद बरगवां-अमलाई में नजर आ रहे विकास कार्य
अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई में इन दिनों विकास कार्यों को लेकर लगातार गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) शिवांगी सिंह बघेल के प्रयासों से नगर के सभी 15 वार्डों में साफ-सफाई, निर्माण कार्यों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की नियमित तैनाती की गई है। कर्मचारी प्रतिदिन वार्डों में साफ-सफाई का कार्य कर रहे हैं। वहीं, घर-घर पहुंचने वाली कचरा गाड़ियां नागरिकों के घरों से कचरा एकत्रित कर उसे व्यवस्थित तरीके से ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंचा रही हैं, जिससे नगर को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिल रही है।
- वार्ड क्रमांक 03 में टर्फ ग्राउंड और सड़क-नाली निर्माण
नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 03 में निर्माणाधीन टर्फ ग्राउंड का कार्य भी अब अंतिम चरण में पहुंचता दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही वार्ड में सीसी सड़क निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है तथा नाली निर्माण का कार्य भी पूर्णता की ओर है। इन कार्यों से वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

वार्ड क्रमांक 04 के तालाब का हुआ सौंदर्यीकरण वहीं, वार्ड क्रमांक 04 में तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया है। इसके साथ ही स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी पूरा हो चुका है। नगर के अमलाई स्टेडियम में भी सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल की पहल पर स्ट्रीट लाइट लगवाई गई है, जिससे खेल परिसर में रोशनी की व्यवस्था बेहतर हुई है।
- नगर की सुंदरता बढ़ा रहे वेलकम गेट और आई लव बरगवां-अमलाई के साइन बोर्ड
नगर को आकर्षक और सुंदर स्वरूप देने के उद्देश्य से विभिन्न तिराहों पर ‘I LOVE बरगवां-अमलाई’ के साइन बोर्ड भी लगवाए गए हैं। इसके अलावा स्वागत द्वार (वेलकम गेट) भी स्थापित किए गए हैं, जो नगर की पहचान और सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं।

- हर वार्ड का विकास पहली प्राथमिकता : सीएमओ
सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल का कहना है कि नगर परिषद बरगवां-अमलाई को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर बनाना उनका संकल्प है। उनका उद्देश्य है कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हो और नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।

- उन्होंने कहा कि “नगर परिषद बरगवां-अमलाई बने न्यारा, यही संकल्प हमारा।”
नगर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य इसी दिशा में किए जा रहे हैं।












































