मनेन्द्रगढ़। धार्मिक सद्भाव, सामाजिक समानता और सेवा भावना के संस्कार विद्यार्थियों में विकसित करने की पहल के तहत अलास्का पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने गुरुनानक देव जयंती के अवसर पर स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु साधसंगत का भ्रमण किया। विद्यालय के इस विशेष आयोजन में नन्हे विद्यार्थियों के साथ शिक्षक और सहायक कर्मचारी भी शामिल हुए। भ्रमण के माध्यम से बच्चों को सिख धर्म की परंपराओं, गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और मानवता के प्रति उनके अमूल्य संदेशों से परिचित कराया गया।
गुरुद्वारा पहुंचने पर बच्चों ने वहां की धार्मिक मर्यादाओं का पालन किया। प्रवेश से पहले पैर धोकर तथा सिर को रुमाल और दुपट्टे से ढककर सभी ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष श्रद्धापूर्वक मत्था टेका। इस दौरान बच्चों ने शबद कीर्तन का श्रवण कर गुरुद्वारे के आध्यात्मिक वातावरण को करीब से महसूस किया। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्य हरमहेंद्र सिंह खनूजा, जपनूर सिंह, सुखविंदर सिंह, गंभीर सिंह, अमन सिंह खनूजा और जसवंत कौर छाबड़ा ने विद्यालय परिवार का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को गुरु नानक देव जी के जीवन, उनके विचारों और सिख धर्म की महान परंपराओं की जानकारी दी।

हरमहेंद्र सिंह खनूजा और जपनूर सिंह ने बच्चों को बताया कि गुरु नानक देव जी ने मानव समाज को जाति पाति, ऊंच नीच और धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और भाईचारे के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। उन्होंने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के सिद्धांतों को समझाते हुए बताया कि ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना तथा अपनी कमाई और भोजन को दूसरों के साथ साझा करना ही सच्चे जीवन मूल्यों की पहचान है। बच्चों को ‘सत श्री अकाल’ के अभिवादन का अर्थ भी समझाया गया।इस भ्रमण का सबसे प्रेरणादायक पहलू गुरुद्वारे की लंगर परंपरा रही। गुरुद्वारा कमेटी की ओर से विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों के लिये विशेष व्यवस्था की गई थी। सभी ने एक साथ पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण किया। बच्चों को प्रसाद और मीठे स्नैक्स भी वितरित किये गये। इस दौरान उन्हें बताया गया कि लंगर केवल भोजन की व्यवस्था नहीं बल्कि समानता, सहयोग और निःस्वार्थ सेवा का प्रतीक है जहां हर व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठता है।

विद्यालय की कोऑर्डिनेटर ऋचा अग्रवाल ने गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्यों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत, मार्गदर्शन और बेहतर व्यवस्थाओं के लिये सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया।विद्यालय के डायरेक्टर मोहम्मद फिरोज मंसूरी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से आयोजित यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिये ज्ञानवर्धक और यादगार अनुभव बना। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होना चाहिये। बच्चों को विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और सामाजिक परंपराओं से परिचित कराना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, विनम्रता, सेवा भावना और सर्वधर्म सम्मान जैसे गुणों का विकास करते हैं।गुरुद्वारे का यह भ्रमण बच्चों के लिये केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं बल्कि मानवता, समानता और आपसी प्रेम का संदेश देने वाला ऐसा अनुभव रहा जिसकी सीख उनके जीवन में लंबे समय तक बनी रहेगी।












































