ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
*धार।* शहर के एसपीडीए ग्राउंड में जयस के संस्थापक सदस्य विजयसिंह चौपड़ा के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित राजेश चौहान और करण डावर के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना 22 नवंबर की रात करीब 7:55 बजे की है। विजयसिंह चौपड़ा अपने साथियों के साथ एसपीडीए ग्राउंड धार में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान राजेश और करण वहां पहुंचे और उन्हें देखकर कथित रूप से गालियां देने लगे।
जब विजय ने गाली देने का कारण पूछा तो राजेश ने पत्थर उठा लिया और दोनों आरोपितों ने उनकी कॉलर पकड़कर थप्पड़-मुक्कों से चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर मारपीट की। साथ ही आरोपितों ने दोबारा एसपीडीए ग्राउंड या धार में कहीं मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
पुलिस ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की तलाश की जा रही है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।












































