दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, शुरू हुआ ऐतिहासिक सिरौली मेला

---Advertisement---
  • सिरौली की धरा पर सजेगी आस्था की महफिल, कार्तिक पूर्णिमा पर तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ
  • दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब, करीब एक सदी पुरानी परंपरा आज भी कायम
  • कोरिया रियासत के राजा से जुड़ा है मंदिर का इतिहास, हसदेव नदी और उदलकछार जलप्रपात बनाते हैं इस स्थल को खास

मनेन्द्रगढ़। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सिरौली स्थित प्रसिद्ध दक्षिणमुखी संकटमोचन हनुमान मंदिर में तीन दिवसीय पारंपरिक मेले की शुरुआत हो गई है। वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में जीवंत हो उठी है। मंदिर में दर्शन पूजन के लिये एमसीबी जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ आसपास के जिलों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में धार्मिक गतिविधियों के साथ ग्रामीण बाजार और मनोरंजन के विविध रंग भी देखने को मिलेंगे।
जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित सिरौली का यह मंदिर अपनी विशिष्ट पहचान और ऐतिहासिक मान्यताओं के लिये जाना जाता है। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर उदलकछार रेलवे फाटक से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह धार्मिक स्थल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र बना हुआ है।

जंगल के बीच प्रकट हुई प्रतिमा, राजा ने बनवाया मंदिर

मंदिर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के संबंध में इतिहासकार एवं पर्यटन और पुरातत्व संघ के जिला समन्वयक डॉ. विनोद पांडेय ने बताया कि सिरौली मंदिर की स्थापना को लेकर प्रचलित जनश्रुतियां इसे कोरिया रियासत के इतिहास से जोड़ती हैं। मान्यता है कि वर्ष 1924-25 के पूर्व इस क्षेत्र में घना जंगल हुआ करता था। ग्रामीण अपने पशुओं को चराने के लिये जंगल में जाते थे। इसी दौरान हसदेव नदी के किनारे जमीन में आधी दबी हुई हनुमान जी की प्रतिमा दिखाई दी।इसकी सूचना स्थानीय गौटिया के माध्यम से कोरिया रियासत के राजा तक पहुंची। राजा स्वयं अपने सेवकों के साथ प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचे। इसके बाद प्रतिमा को बाहर निकालकर बैकुंठपुर ले जाने के लिये खुदाई कराई गई। काफी प्रयासों के बावजूद प्रतिमा का दाहिना पैर नहीं मिल सका। इस घटना के बाद राजा चिंतित हो गये।
प्रचलित कथा के अनुसार उन्हें रात में स्वप्न आया जिसमें प्रतिमा को उसी स्थान पर स्थापित कर पूजा अर्चना करने का संकेत मिला। इसके बाद राजा ने प्रतिमा को वहीं स्थापित करवाया और एक छोटे मंदिर का निर्माण कराकर नियमित पूजा शुरू कराई। डॉ. पांडेय के अनुसार तत्कालीन कोरिया शासक स्वर्गीय रामानुज प्रताप सिंहदेव के संरक्षण में दक्षिणमुखी संकटमोचन हनुमान मंदिर की स्थापना हुई थी। इस कार्य में स्वर्गीय नीलकंठ शुक्ला जी महाराज की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी दौर में कार्तिक पूर्णिमा पर मेले की शुरुआत की गई जो आज भी उसी श्रद्धा के साथ आयोजित होता है।

बैल बाजार से दुकानों और झूलों वाले मेले तक पहुंचा स्वरूप

सिरौली मेले ने बीते वर्षों में बदलाव के कई दौर देखे हैं। कभी यह आयोजन मुख्य रूप से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुओं के व्यापार का केंद्र हुआ करता था। आसपास के गांवों से लोग गाय बैल खरीदने और बेचने आते थे। मिट्टी के बर्तन, खिलौने तथा जरूरत के सामान की छोटी दुकानें लगती थीं। समय के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी और मेले का दायरा भी विस्तृत होता चला गया।अब यहां आकर्षक झूले, बच्चों के खिलौने, पूजा पाठ की सामग्री, कपड़े, मनिहारी, हस्तशिल्प और खानपान की दुकानें मेले की रौनक बढ़ाती हैं। मंदिर में दर्शन करने के साथ श्रद्धालु अपनी मन्नतें मांगते हैं। अनेक श्रद्धालु अपनी ओर से भंडारे का आयोजन कर सेवा और प्रसाद वितरण करते हैं। इस तरह यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ मेल मिलाप और सामुदायिक सहभागिता का अवसर भी बन गया है।

मंदिर के आसपास प्रकृति ने बिखेरी है अनुपम छटा

सिरौली को धार्मिक स्थल के साथ प्राकृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में भी देखा जाता है। मंदिर से महज 50 से 60 मीटर की दूरी पर हसदेव नदी प्रवाहित होती है। नदी का शांत वातावरण और आसपास की हरियाली इस स्थान की सुंदरता में चार चांद लगाती है वहीं लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित उदलकछार जलप्रपात अपनी बहती जलधारा के कारण पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है।डॉ. विनोद पांडेय का कहना है कि सिरौली मेला केवल तीन दिनों का धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक स्मृतियों, पारंपरिक जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने वाला उत्सव है। यहां धर्म और प्रकृति का ऐसा संगम दिखाई देता है जो इसे विशिष्ट पहचान प्रदान करता है।कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाला यह मेला स्थानीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी मजबूत कर रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment