स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग मिलकर करें काम, कलेक्टर रत्नाकर झा ने दिए सख्त निर्देश

---Advertisement---
  • स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग आपसी समन्वय एवं सक्रियता से करें कार्य-कलेक्टर
  • बीएमओ डिलीवरी प्वाइंट एवं ब्लॉक स्तरीय चिकित्सकीय संस्थानों का करें आकस्मिक निरीक्षण-कलेक्टर
  • कुपोषित एवं गर्भवती माताओं पर विभाग दें विशेष ध्यान-कलेक्टर
  • एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता हेतु करें विशेष कार्य- कलेक्टर
  • कलेक्टर ने किया स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास के विभाग की समीक्षा

अनूपपुर 24 नवंबर 2026- कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से सक्रियता और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य, कुपोषण, एनीमिया, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं एवं अन्य गंभीर बीमारियों से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसके लिए दोनों विभागों का मैदानी अमला आपसी तालमेल के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य करे तथा स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी समस्याओं की नियमित निगरानी करते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्वास्थ्य, पोषण एवं एनीमिया से संबंधित चुनौतियों के निराकरण के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने अनमोल पोर्टल के अंतर्गत गर्भवती माताओं के प्रसव पूर्व जांच की स्थिति, समय-समय पर होने वाली स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल एनीमिया, ब्लड स्टोरेज यूनिट की उपलब्धता एवं एनीमिया से पीड़ित व्यक्तियों की नियमित मॉनिटरिंग और फॉलोअप की समीक्षा की। इसके साथ ही शिशु एवं मातृ मृत्यु दर, पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती होने वाले बच्चे तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले में संचालित डिलीवरी प्वाइंट की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 44 डिलीवरी प्वाइंट संचालित हैं, जहां प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कलेक्टर ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) से उनके कार्यक्षेत्र के डिलीवरी प्वाइंट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सिविल स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा नियमित निरीक्षण की जानकारी प्राप्त की। संबंधित बीएमओ द्वारा संतोषजनक एवं तथ्यात्मक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी बीएमओ को अपने-अपने क्षेत्र के डिलीवरी प्वाइंट एवं स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एएनएम, सुपरवाइजर एवं आशा कार्यकर्ताओं को कुपोषित बच्चों तथा गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में कुपोषण की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी और नियमित फॉलोअप करने पर जोर दिया। समीक्षा के दौरान करपा क्षेत्र में कुपोषण की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को दिए।

कलेक्टर ने सभी सुपरवाइजर, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति विशेष जागरूकता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आमजन, गर्भवती माताओं एवं बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं गर्भवती तथा धात्री माताओं को वितरित किए जा रहे पोषण आहार, गंभीर कुपोषित एवं मध्यम गंभीर कुपोषित बच्चों की स्थिति तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा मैदानी अमले को पूरी सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप विभागीय पोर्टल से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में नियमित रूप से पूर्ण किए जाएं तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं मैदानी अमले की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन को बेहतर से बेहतर सेवाएं प्रदान करना होना चाहिए। विभागीय कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन निचले स्तर तक सुनिश्चित किया जाए तथा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जाए। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उन्हें अपने दायित्वों के अनुरूप सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण अंचलों में भी लोगों को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ हो। इस दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती संजीता भगत, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग सहित स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग का अमला उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment