वार्षिक सदस्यता सत्यापन में बीएमएस ने मारी बाजी
801 सदस्यों के साथ सातवीं बार प्रथम स्थान, श्रमिकों ने निकाली विजय रैली
अनूपपुर। एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र की कोयला खदानों में कार्यरत श्रमिकों के ट्रेड यूनियन सदस्यता के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया पिछले एक माह से जारी थी। इस दौरान भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस), एचएमएस, सीटू, इंटक और एटक सहित विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारी श्रमिकों को अपने संगठन से जोड़ने के लिए सक्रिय रहे
वार्षिक सदस्यता सत्यापन के परिणाम में भारतीय मजदूर संघ ने 801 श्रमिकों की सदस्यता के साथ क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया है। बीएमएस के अनुसार, संगठन ने लगातार सातवीं बार सदस्यता सत्यापन में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
प्रथम स्थान मिलने के बाद भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष विजय सिंह के नेतृत्व में श्रमिकों द्वारा विजय रैली निकाली गई। रैली जमुना-कोतमा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से होते हुए जमुना कॉलोनी स्थित कोऑपरेटिव बाजार पहुंची, जहां इसका समापन किया गया
इस अवसर पर ट्रेड यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ सदैव श्रमिकों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करता रहा है। सदस्यता सत्यापन में श्रमिकों द्वारा संगठन पर जताए गए विश्वास को उन्होंने श्रमिक हित में किए गए कार्यों का परिणाम बताया। पदाधिकारियों ने सभी श्रमिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन उनके विश्वास और भरोसे को कायम रखने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा
बीएमएस पदाधिकारियों ने सदस्यता सत्यापन के परिणाम को संगठन की एकजुटता और श्रमिकों के समर्थन का प्रतीक बताया। रैली के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिक एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे


































































