धार की बेटी तनिष्का सक्सेना ने राज्य स्तर पर जीता गोल्ड मेडल, जिले का बढ़ाया मान
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार। उत्कृष्ट विद्यालय धार की छात्रा कु. तनिष्का सक्सेना ने बैडमिंटन में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम प्रदेश में रोशन किया है। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जिला बालाघाट में आयोजित विभागीय राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में तनिष्का ने 17 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता।
तनिष्का, जुगल किशोर सक्सेना की पुत्री हैं और उत्कृष्ट विद्यालय धार में अध्ययनरत हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से चयनित खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिसमें तनिष्का ने अपने दमदार खेल, फुर्ती और बेहतरीन तकनीक से सभी को प्रभावित किया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
इस जीत के साथ ही तनिष्का का चयन 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता वर्ष 2026-27 के लिए भी हो गया है। अब वे राज्य स्तर पर धार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरा जिला गौरवान्वित हुआ है।
तनिष्का की सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सहपाठियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। जनजातीय कार्य विभाग और खेल प्रेमियों ने भी उनकी इस उपलब्धि को जिले की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बताया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


































































