अनूपपुर 20 नवंबर 2026/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर द्वारा आयोजित न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह-2026 का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन तथा प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आशुतोष अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आशुतोष अग्रवाल ने न्यायालय परिसर से मोटर बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं न्यायालयीन कर्मचारियों ने सहभागिता की। इस दौरान विधिक जागरूकता प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार पोस्टर, चित्रकला तथा विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम में निबंध, चित्रकला, पोस्टर, स्लोगन, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक एवं मैराथन दौड़ के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। मैराथन दौड़ में शासकीय तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर के राजकुमार प्रजापति ने प्रथम, बृजेश सिंह राठौर ने द्वितीय तथा सत्यम जायसवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्री आशुतोष अग्रवाल ने विधिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन तक विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के लिए न्याय तक पहुंच सुगम बनाना है।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री श्रीकृष्ण डागलिया, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती चैनवती ताराम, अन्य न्यायाधीशगण, अभिभाषक संघ के पदाधिकारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेश पटेल, पैरालीगल वॉलंटियर्स, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।










































