करनपठार। करनपठार थाना पुलिस ने गुमशुदा महिला को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों के चलते महिला को सकुशल बरामद करने में सफलता मिली, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियंका बाई पति लक्ष्मण सिंह नेताम (23 वर्ष), निवासी ग्राम शोभापुर थाना गाडासरई जिला डिंडौरी, जो वर्तमान में ग्राम कंचनपुर देवरी थाना करनपठार में निवासरत थीं, के गुम होने की सूचना पर करनपठार थाना में अपराध क्रमांक 397/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मंगल दुबे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर महिला की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन और आवश्यक तकनीकी एवं मैदानी जांच करते हुए महिला का पता लगाया।
तलाशी अभियान के दौरान प्रधान आरक्षक राजकुमार परस्ते एवं महिला आरक्षक शशि गोड ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस टीम के संयुक्त प्रयासों से प्रियंका बाई को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सफल कार्रवाई के बाद क्षेत्र में करनपठार पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की जा रही है। परिजनों ने भी पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से उनकी चिंता दूर हुई और परिवार को बड़ी राहत मिली।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश पुलिस की प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में तत्परता से कार्रवाई जारी रहेगी।












































