मनेन्द्रगढ़। फरार आरोपियों और न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामीली के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटाडोल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देश पर फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक एमसीबी रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन एवं एसडीओपी भरतपुर अरविंद किशोर खलखो के मार्गदर्शन में कोटाडोल पुलिस वारंटियों की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस को एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में फरार आरोपी अमीर सिंह उर्फ पिंटू (28 वर्ष), निवासी ग्राम सरई, थाना सरई, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) के संबंध में जानकारी मिली। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज था तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट बैकुण्ठपुर, जिला कोरिया द्वारा वारंट जारी किया गया था।
पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को सिंगरौली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राम नयन गुप्ता के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक नईम खान, आरक्षक शाहबाज अंसारी एवं डीएसएफ आरक्षक रामदेव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंटों की तामीली के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












































