कोतमा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी, कुल्हाड़ी से वार कर अधेड़ को उतारा था मौत के घाट

---Advertisement---

कोतमा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई अंधी हत्या की गुत्थी, कुल्हाड़ी से वार कर अधेड़ को उतारा था मौत के घाट

जमीन विवाद और मृतक की पत्नी को लेकर संदेह बना हत्या का कारण, जंगल से आरोपी गिरफ्तार; घर से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद

कोतमा। कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़ारू के जंगल में हुई अधेड़ व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में ग्राम गोड़ारू निवासी 26 वर्षीय श्यामसुंदर महरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और वारदात के समय पहने गए खून के छींटों वाले कपड़े भी उसके घर से बरामद किए गए हैं। आरोपी को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को डायल-112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम गोड़ारू के जंगल में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है और उसके सिर में गंभीर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही कोतमा थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मृतक की पहचान ग्राम गोड़ारू निवासी स्वामी सिंह गोंड (55) के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से सिर और चेहरे पर जानलेवा प्रहार कर उसकी हत्या की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए तत्काल जांच तेज कर दी।

रातभर गांव में डेरा डालकर जुटाई जानकारी

पुलिस टीम ने ग्राम गोड़ारू में रातभर कैंप कर ग्रामीणों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर मृतक के परिचितों, विवादों और घटना से जुड़े संभावित लोगों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि ग्राम गोड़ारू निवासी श्यामसुंदर महरा, पिता रामप्रसाद महरा, का मृतक स्वामी सिंह गोंड से जमीन को लेकर पहले भी दो-तीन बार विवाद हो चुका था। इसके अलावा मृतक की पत्नी के संबंध में संदेह को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी पुलिस को मिली।

यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने श्यामसुंदर महरा की तलाश शुरू की। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो वह वहां मौजूद नहीं मिला। इससे पुलिस का संदेह और गहरा गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लगातार तलाश की।

जंगल से पकड़ा गया संदेही

लगातार तलाश के दौरान पुलिस टीम ने श्यामसुंदर महरा को ग्राम गोड़ारू के जंगल से पकड़कर अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 3 सितंबर को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच उसका मृतक स्वामी सिंह गोंड से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उसने कुल्हाड़ी से स्वामी सिंह के सिर और चेहरे पर प्राणघातक वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घर में छिपाकर रखे थे हत्या के सबूत

पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने कपड़ों को अपने घर में छिपाकर रख दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से कुल्हाड़ी तथा खून के छींटों वाले कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी श्यामसुंदर महरा (26), निवासी ग्राम गोड़ारू को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में सुखीनंद यादव, रामखेलावन यादव, दिनेश राठौर, अभय त्रिपाठी, महेश साहू, इस्तयाक खान, अनिल मरावी तथा साइबर सेल के राजेन्द्र अहिरवार शामिल रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment