अमरकंटक में ग्रैंड ओपनिंग फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ

---Advertisement---

अमरकंटक में ग्रैंड ओपनिंग फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ

खेल से मजबूत होगा युवा , समृद्ध बनेगा देश – विधायक मार्को

32 टीमों ने लिया हिस्सा , पहले दिन जटांगा और मरवाही की टीमों ने दर्ज की जीत

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार 22 अक्टूबर को ग्रैंड ओपनिंग फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ हुआ । स्थानीय हेलीपैड मैदान में आयोजित इस टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला । प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया है

कार्यक्रम में पुष्पराजगढ़ विधायक फूंदेलाल सिंह मार्को , नगर परिषद अमरकंटक की अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह उईके , शांति कुटी के श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज , पुष्पराजगढ़ के पूर्व जनपद उपाध्यक्ष संतोष पांडेय , अमरकंटक के व्यवसायी ओमप्रकाश अग्रवाल एवं रंजीत सिंह , आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आशुतोष मार्को , महिला कांग्रेस पदाधिकारी नीलू सिंह , विरु तंबोली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।

खेलों से युवाओं में विकसित होती है नेतृत्व क्षमता

इस अवसर पर श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज (शांति कुटी) ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने का माध्यम नहीं हैं बल्कि इनके जरिए युवाओं में आत्मविश्वास , अनुशासन , नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है । खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और उन्हें आपसी सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं । वहीं पुष्पराजगढ़ विधायक फूंदेलाल सिंह मार्को ने युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेलों से युवा मजबूत बनेंगे और देश समृद्ध होगा । उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं । युवा अपनी मेहनत , लगन और प्रतिभा के दम पर क्षेत्र एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं ।

पहले दिन खेले गए दो मुकाबले, जटांगा और मरवाही विजयी

टूर्नामेंट के पहले दिन चार टीमों के बीच दो मुकाबले खेले गए । पहले मुकाबले में जटांगा और मेढ़ाखार की टीमें आमने-सामने रहीं , जिसमें जटांगा की टीम ने एक गोल दागकर जीत हासिल की ।
वहीं दूसरे मुकाबले में जटांगा जूनियर और मरवाही की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई । इस मुकाबले में मरवाही की टीम ने दो गोल दागते हुए जीत अपने नाम की । दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया ।

युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का अवसर

नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष विरु तंबोली ने बताया कि टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर गणमान्य नागरिकों , खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों को आमंत्रित किया गया था । प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्थानीय एवं क्षेत्रीय युवाओं को खेलों से जोड़ना , फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाना तथा उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है ।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं ।
इस आयोजन से अमरकंटक में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा ।

ग्रैंड ओपनिंग फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के शुभारंभ से अमरकंटक में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है । आयोजन को लेकर स्थानीय युवाओं एवं खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment