बिरला प्राइवेट TMC में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
रोजगार नहीं मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी, सरईकापा, करकटी और गोपालपुर के युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग

रिपोर्टर बाबा खान, धनपुरी
बुढार। बिरला प्राइवेट TMC लिमिटेड गोपालपुर में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए थाना प्रभारी बुढार एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने कंपनी में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वाले ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी उनके क्षेत्र में संचालित हो रही है, लेकिन इसके बावजूद आसपास के गांवों के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की जमीन, पानी और पर्यावरण पर कंपनी की गतिविधियों का प्रभाव पड़ रहा है, जिसका सामना स्थानीय लोगों को करना पड़ता है। इसके बावजूद रोजगार के मामले में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है और बाहर के लोगों को काम पर रखे जाने की बात कही जा रही है।
तीन गांवों के युवाओं को रोजगार देने की मांग
ग्रामीणों ने अपनी प्रमुख मांग में सरईकापा, करकटी एवं गोपालपुर के स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही है। उनका कहना है कि क्षेत्र में उद्योग संचालित होने से स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिलने चाहिए, ताकि बेरोजगार युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम मिल सके और उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे स्थानों पर न जाना पड़े।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर कंपनी प्रबंधन से स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के संबंध में आवश्यक पहल करने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही उनकी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त ग्रामवासी एकजुट होकर कंपनी के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सचिन मिश्रा एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से सौंपा गया है। अब ग्रामीणों की मांग पर कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं की नजर रहेगी। हालांकि, इस संबंध में कंपनी प्रबंधन का पक्ष सामने आना शेष है।






































































