नर्मदा परिक्रमा पथ के अंतर्गत सुविधायुक्त बनाया जाए आश्रय स्थल-कलेक्टर
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु समस्त विद्यालयों के खेल मैदान किए जाएं विकसित- कलेक्टर
जिले के समस्त विद्यालय एवं छात्रावासों का करें आकस्मिक निरीक्षण अधिकारी- कलेक्टर
विद्यालय में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति करें सुनिश्चित- कलेक्टर
कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों के लिए निर्देश
अनूपपुर 24 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा है कि अनूपपुर जिले में वर्षा की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए प्रमुख नदियों के जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति के साथ-साथ जिले में स्थित समस्त जल संरचनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। जिले में स्थापित कंट्रोल रूम से निकटतम थाने से प्रतिदिन संपर्क बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।उन्होंने कहा कि जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति की नियमित जानकारी एकत्रित करें, ताकि प्रतिदिन जिले में बाढ़ की स्थिति की समुचित जानकारी प्राप्त हो सके। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा आज कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने अधिकारियों को नर्मदा परिक्रमा पथ पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा पथ के अंतर्गत सुविधायुक्त आश्रय स्थल विकसित किए जाने के लिए उपयुक्त गांवों का चिन्हांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पटवारी, सचिव, संबंधित अधिकारी एवं युवाओं की टीम बेसलाइन के अनुसार तीन से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थानों का चिन्हांकन करे। चिन्हांकित स्थलों पर आवश्यकतानुसार संरचनाएं निर्मित की जाएं, जिनमें एक एक आश्रय स्थल के साथ बड़ा शेड शामिल हो। आश्रय स्थल के परिसर में वृक्षारोपण, सामुदायिक स्वच्छता की व्यवस्था तथा एक सुंदर बगिया का विकास भी किया जाए, ताकि नर्मदा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के समस्त विद्यालयों में खेल मैदान विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय के आसपास उपलब्ध शासकीय भूमि का नियमानुसार विद्यालय के नाम हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त खेल मैदान विकसित किए जा सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के सभी विद्यालयों एवं छात्रावासों का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान छात्रावासों में बच्चों की आवाजाही, उनकी उपस्थिति तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जांच की जाए। साथ ही, विद्यालय एवं छात्रावासों में गुणात्मक सुधार की संभावनाओं को भी ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने छात्रावास परिसरों में पौधारोपण करने के निर्देश देते हुए कहा कि मुनगा सहित ऐसे पौधों का रोपण किया जाए, जो बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास तथा पोषण की दृष्टि से उपयोगी हों।
बैठक में कलेक्टर ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें विद्यालय में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिन विद्यालयों तक पहुंचने के लिए एप्रोच मार्ग उपलब्ध नहीं है, वहां आवश्यकतानुसार एप्रोच मार्ग का निर्माण कराया जाए। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को सभी विद्यालयों का गंभीरता एवं प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों के भवनों एवं पहुंच मार्गों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन उचित मूल्य दुकानों के भवन एवं पहुंच मार्ग की स्थिति ठीक नहीं है, उनका चिन्हांकन कर आवश्यक सुधार की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार कलेक्टर ने कृषि विभाग के अंतर्गत उर्वरक भंडारण एवं अन्य शासकीय भवनों की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने अनूपपुर में स्टेडियम एवं ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में कोई व्यक्ति, अधिकारी अथवा संस्था यदि उत्कृष्ट एवं जनहितकारी कार्य कर रही है, तो ऐसे कार्यों को चिन्हित कर उन्हें रोल मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों एवं व्यक्तियों का भी चिन्हांकन किया जाए, ताकि उनके कार्यों को प्रोत्साहित करते हुए अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बनाया जा सके।
बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग का कार्य निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को अपने-अपने क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से अमरकंटक क्षेत्र में अधिक तत्परता एवं गंभीरता के साथ सैंपलिंग कार्य करने के निर्देश दिए।इसी प्रकार कलेक्टर ने श्रम विभाग के अंतर्गत जिले के समस्त श्रमिकों का पंजीयन सितंबर माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थियों का चिन्हांकन कर उनके लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं प्रमाण-पत्र वितरण हेतु शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं एवं प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही, संबल योजना के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने आधार एवं समग्र आईडी में विसंगति के कारण शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र व्यक्तियों की आधार एवं समग्र आईडी में आवश्यक सुधार कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग सहित जिले के विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




























































