इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय परिवार ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि

---Advertisement---
  • भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचारों से आज के समाज को सीखने की जरूरत : प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश कुमार शुक्ल

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में रविवार, 15 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश कुमार शुक्ल ने दीप प्रज्वलित कर ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में प्रो. आलोक श्रोत्रिय, प्रो. एस.के. भदौरिया, कुलसचिव प्रो. एन.एस.एच.एन. मूर्ति, प्रो. मनीषा शर्मा, प्रो. गौरी शंकर महापात्रा, प्रो. विकास सिंह, डीन रिसर्च प्रो. शिव कुमार मिश्रा, डॉ. बी. जनार्दन, डॉ. स्नेहा मुंडा एवं डॉ. ज्ञान प्रकाश पटेल सहित अनेक संकाय सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। लालपुर के सरपंच श्री शिव रतन धुर्वे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश कुमार शुक्ल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, विचारों और सामाजिक योगदान को स्मरण करने के साथ-साथ उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके संघर्षपूर्ण जीवन से आज के समाज को बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है। भगवान बिरसा मुंडा का व्यक्तित्व और कृतित्व इतना व्यापक है कि उनके बारे में जितना जाना जाए, उतना ही कम है। इसलिए नई पीढ़ी को उनके संघर्षों, विचारों और सामाजिक चेतना से परिचित कराना आवश्यक है। मात्र 25 वर्ष का जीवन जीने के बावजूद भगवान बिरसा मुंडा ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और जनजातीय समाज के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। वे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक जागरण के अग्रदूत थे। सामाजिक समानता, सामुदायिक एकजुटता और स्वदेशी परंपराओं के संरक्षण के प्रति उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने ‘बिरसैत’ संप्रदाय की स्थापना कर जनजातीय समाज में धार्मिक एवं सामाजिक चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का समन्वय इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के ‘बिरसा मुंडा चेयर’ के समन्वयक प्रो. प्रसन्न के. सामल ने किया। आयोजन के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्षों और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों एवं प्रेरणादायी जीवन संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 15, 2026

November 15, 2026

November 15, 2026

November 15, 2026

November 15, 2026

November 15, 2026

Leave a Comment