- छठ महापर्व पर लोकआस्था और भक्ति का दिखा अनुपम संगम , अपर कलेक्टर बलवीर रमन भी परिवार सहित पहुंचे रामघाट , पुलिस एवं नगर परिषद का अमला रहा मुस्तैद
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक के रामघाट , कोटि तीर्थ घाट में छठ महापर्व के अवसर पर लोकआस्था , श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला । रविवार को छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को विधि-विधानपूर्वक अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना एवं आरती की । इस दौरान रामघाट पर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी और पूरा नर्मदा तट छठी मैया के जयकारों एवं भक्ति भाव से सराबोर नजर आया ।
छठ महापर्व पर व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य समर्पित किया तथा छठी मैया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि , संतान की दीर्घायु , आरोग्यता और खुशहाली की कामना की । सूर्योपासना के इस महापर्व पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास दिखाई दिया ।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ महापर्व सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना का विशेष पर्व है । इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाती है । इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए रामघाट और कोटितीर्थ घर में श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ सूर्यदेव का पूजन-अर्चन किया ।
इस अवसर पर अनूपपुर जिले के अपर कलेक्टर बलवीर रमन भी अपने परिवार सहित रामघाट पहुंचे और धार्मिक आयोजन में सहभागिता की । आयोजन के दौरान छोटू गुप्ता , हरेराम गुप्ता , भरत गुप्ता , मृत्युंजय गुप्ता , मुरारीलाल गुप्ता , प्रमोद शर्मा , विजय शर्मा , संदीप शर्मा , प्रदीप शर्मा , अमर शर्मा , अशोक साहू , संजय साहू , सोनू गुप्ता , डॉ. एस.के. तिवारी , दिलीप साहू , सूरज साहू , गिरजाशंकर पांडेय , उमाशंकर पांडेय मुन्नू के परिवारजन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे ।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अमरकंटक थाना पुलिस बल मौके पर मुस्तैद रही । वहीं नगर परिषद अमरकंटक का अमला तथा पटवारी हल्का अमरकंटक के कर्मचारी भी आयोजन के दौरान उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं में सहयोग करते नजर आए ।
रामघाट में मां नर्मदा के पावन तट पर डूबते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा । दीपों की रोशनी , पूजा की थालियों और सामूहिक सूर्योपासना ने छठ महापर्व की धार्मिक छटा को और भी विशेष बना दिया । लोकआस्था के इस पर्व ने अमरकंटक में सामाजिक समरसता , पारिवारिक मंगलकामना और धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली ।











































