- सामतपुर के ऐतिहासिक पांडवकालीन मड़फा तालाब घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
- 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन
अनूपपुर। सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रविवार, 15 नवंबर 2026 को अनूपपुर नगर के सामतपुर स्थित प्रसिद्ध पांडव निर्मित मड़फा तालाब घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। छठी माई की कठिन उपासना और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की कुशलता और दीर्घायु की कामना की।
छठ महापर्व को लेकर मड़फा तालाब घाट पर सुबह से ही तैयारियां और श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। शाम होते-होते घाट पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक पूजा सामग्री, फल, दीप और सूप से सजे घाट पर छठी माई के जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और व्रतधारी माताओं-बहनों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
- जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर भगवा जिला अध्यक्ष कन्हैया लाल मिश्रा, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश सिंह, वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद डॉ. प्रवीण आशीष त्रिपाठी, पार्षद गणेश रौतेल, रेलवे मेंस कांग्रेस के जोनल महामंत्री लक्ष्मण राव, समिति संयोजक एडवोकेट अक्षयवट प्रसाद, प्रमोद गौर, चैतन्य मिश्रा, शिवांशु रंजन बैठा, मूलचंद अग्रवाल, समाजसेवी विनोद गुड्डा सोनी एवं अजय प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
- प्रशासन और आयोजन समिति ने संभाली व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र अनूपपुर की टीम ने भी घाट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं नगर पालिका अनूपपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा घाट की साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। आयोजन समिति की ओर से व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए।
- 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन
समिति संयोजक एडवोकेट अक्षयवट प्रसाद ने बताया कि छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को सूर्योदय के समय व्रती भगवान भास्कर को उगते सूर्य का अर्घ्य अर्पित करेंगे। पूजा संपन्न होने के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं व्रतधारी माताओं-बहनों के लिए पारण की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
- शिव मारुति युवा संगठन और छठ पूजा समिति का विशेष योगदान
मड़फा तालाब छठ पूजा समिति एवं शिव मारुति युवा संगठन के सदस्यों ने आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजक मंडल में संरक्षक एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रेम कुमार त्रिपाठी, समिति संयोजक एडवोकेट अक्षयवट प्रसाद, कन्हैया लाल मिश्रा, राजीव शुक्ला, लक्ष्मण राव, चैतन्य मिश्रा, आशीष त्रिपाठी, पार्षद गणेश रौतेल, आर.के. सिंह, प्रमोद गौर, अजय कुमार प्रसाद, शिवांशु रंजन, वरुण चटर्जी, सत्येंद्र स्वरूप दुबे, सुजीत कुमार मिश्रा, श्रीमती संतोष दुबे, संदीप गर्ग, राहुल कुमार, बृजेश राठौर, डी.एन. यादव, विनोद सिंह, विजय राठौर, गणेश राठौर, अनिल सिंह, बद्रीनाथ तिवारी एवं रविंद्र प्रताप यादव सहित शिव मारुति युवा संगठन के सदस्यों तथा पूर्वांचल समाज के श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।
- आस्था, प्रकृति और परंपरा का महापर्व है छठ
छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला सूर्य उपासना का महापर्व है। इसमें भगवान सूर्य और छठी माई की विधि-विधान से पूजा की जाती है। व्रती कठिन निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह व्रत संतान की सुख-समृद्धि, आरोग्य, दीर्घायु और परिवार की मंगलकामना के लिए किया जाता है। प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला यह पर्व भारतीय लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।
*सामतपुर के ऐतिहासिक मड़फा तालाब पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़* एक बार फिर साबित किया कि छठ महापर्व केवल पूजा-अर्चना का आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, समर्पण, सामाजिक सौहार्द और सामूहिक सहभागिता का अनुपम उत्सव है।










































