- सीने में दर्द के बाद युवक की मौत, SECL अस्पताल के बाहर गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम“SECL की तानाशाही नहीं चलेगी” के लगाए नारे, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
रिपोर्टर — भारत मुंगेरिया
जमुना-कोतमा। 15 नवंबर को पसान नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 निवासी अमित सिंह (जिम्मी), पिता चैन सिंह, की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों के अनुसार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच अमित को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उसे उपचार के लिए SECL रीजनल हॉस्पिटल, JNK एरिया ले जाया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में अपेक्षित उपचार नहीं मिलने के बाद युवक को जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया गया। अनूपपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर के बाद आक्रोशित लोगों ने SECL के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “SECL की तानाशाही नहीं चलेगी, नहीं चलेगी” के नारे लगाए। फिलहाल मौके पर चक्काजाम जारी है।
प्रदर्शनकारियों ने SECL रीजनल हॉस्पिटल की आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि सीने में दर्द जैसे गंभीर मामलों में तत्काल आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था क्यों नहीं उपलब्ध कराई गई। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
वहीं युवक की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण और अस्पताल में उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुविधा क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना भी आवश्यक है।










































