होटल-ढाबों में पुलिस का छापा, शराब पीकर उपद्रव कर रहे चार गिरफ्तार

---Advertisement---

होटल-ढाबों में पुलिस का छापा, शराब पीकर उपद्रव कर रहे चार गिरफ्तार

त्यौहारों से पहले कोतमा पुलिस की सख्ती, हाईवे रोड पर हुई कार्रवाई; एक आरोपी पर दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक मामले

रिपोर्टर – भरत मिश्रा, कोतमा

कोतमा। त्यौहारों के मद्देनजर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोतमा पुलिस ने अभियान चलाकर हाईवे रोड स्थित होटल एवं ढाबों में छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर उपद्रव कर रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से शराब की बोतल, डिस्पोजल सहित अन्य सामग्री जब्त करते हुए उनके विरुद्ध धारा 36(ख) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ल ने बताया कि आगामी त्यौहारों को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थानों और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर पुलिस टीम द्वारा विशेष नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के दौरान हाईवे रोड स्थित होटल एवं ढाबों में जांच की गई, जहां सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर उपद्रव करते चार लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया।

चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कमलेश गुप्ता उम्र 43 वर्ष पिता रमेश गुप्ता निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 5, राहुल उर्फ होल्डर साहू उम्र 26 वर्ष पिता मुन्नालाल साहू निवासी वार्ड क्रमांक 8, रामू सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी कोतमा तथा अतुल पटेल उम्र 27 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शराब की बोतल, डिस्पोजल सहित अन्य सामग्री जब्त की। सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 36(ख) आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

त्यौहारों को लेकर पुलिस की लगातार निगरानी

थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ल ने कहा कि त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जा रही है। होटल एवं ढाबा संचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी कर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत आगे भी होटल, ढाबों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जांच जारी रहेगी।

कमलेश गुप्ता पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी कमलेश गुप्ता आदतन एवं आपराधिक प्रवृत्ति का बताया गया है। उसके खिलाफ जुआ, सट्टा, मारपीट, गुंडागर्दी और शराबखोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि कोतमा, भालूमाड़ा, रामनगर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक अपराध पंजीबद्ध हैं।

पुलिस द्वारा त्यौहारों से पूर्व असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को इसी कार्रवाई की कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई में एसआई विनय सिंह, रामखेलावन यादव, अजय तोमर एवं अमर सिंह सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त एवं निगरानी बढ़ाए जाने से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment