भीषण गर्मी में यात्रियों की प्यास बुझाने आगे आया एबीवीपी, अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू किया निःशुल्क शीतल पेयजल वितरण
सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए कार्यकर्ताओं ने पक्षियों एवं मवेशियों के लिए भी जल व्यवस्था करने की अपील की
अनूपपुर। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने अनूपपुर रेलवे स्टेशन परिसर में निःशुल्क शीतल पेयजल वितरण अभियान प्रारंभ किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्टेशन परिसर में उपस्थित दूर-दराज से आए यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराते हुए मानवीय सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
एबीवीपी के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन अपने स्थापना काल से ही छात्र हितों के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। वर्तमान में प्रदेश सहित जिले में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए परिषद द्वारा यह सेवा अभियान शुरू किया गया है, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह निःशुल्क पेयजल वितरण अभियान आगामी कई दिनों तक निरंतर संचालित किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि गर्मी के इस मौसम में पानी की कमी से न केवल आमजन बल्कि पशु-पक्षी भी प्रभावित होते हैं। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, दुकान या प्रतिष्ठान के बाहर पानी की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि बेजुबान पक्षी एवं मवेशी भी अपनी प्यास बुझा सकें। परिषद ने लोगों से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और मानवता के इस अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया।
रेलवे स्टेशन पर पेयजल वितरण के दौरान यात्रियों ने एबीवीपी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की सेवा गतिविधियां लोगों को राहत देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देती हैं।
इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी सहित लवकुश रौतेल, धीरेंद्र तिवारी, दीपक गौरीशंकर, निशि, सिमरन, मयंक, चिराग, आदित्य, साक्षी, अंकिता, आकाश, प्रिंस, अंकित, ऐश्वर्य, विवेक, रोहित एवं अन्य अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पेयजल वितरण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
एबीवीपी के इस सेवा कार्य को क्षेत्र में व्यापक सराहना मिल रही है तथा संगठन द्वारा भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई है।




































