भीषण गर्मी में फेल हुई नगर परिषद व्यवस्था, पार्षद पवन चीनी ने निजी खर्च से लगवाया पंप, वार्डवासियों को मिली राहत

अनूपपुर
जिले के नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 7 में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने विकराल रूप ले लिया है। लंबे समय से पंप व्यवस्था को लेकर शिकायतों के बावजूद नगर परिषद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे वार्डवासी परेशान होते रहे।
नगर परिषद अध्यक्ष एवं सीएमओ की उदासीनता के चलते हालात और बिगड़ते गए। ऐसे में वार्ड 7 के पार्षद पवन चीनी ने पहल करते हुए अपने निजी खर्च से पंप लगवाकर जल समस्या का समाधान किया और लोगों को राहत दिलाई।
पार्षद पवन चीनी का यह कदम जहां सराहनीय है, वहीं नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। इससे पूर्व भी उन्होंने वार्ड क्रमांक 6 में अपने खर्च से पंप और विद्युत तार की व्यवस्था कर पेयजल समस्या का समाधान किया था। साथ ही वे समय-समय पर नालियों की सफाई और वार्डों में स्वच्छता कार्य भी अपने स्तर पर करवाते रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी कुछ चुनिंदा वार्डों तक ही सीमित हैं, जबकि अन्य वार्डों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं बीते तीन वर्षों में अध्यक्ष द्वारा किसी भी वार्ड का दौरा नहीं किए जाने से व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं।
ऐसे में पार्षद द्वारा किया गया यह कार्य जहां जनसेवा का उदाहरण प्रस्तुत करता है, वहीं नगर परिषद की लापरवाही को उजागर कर प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
















































