भीषण गर्मी में खेलों का जज्बा: 120 बच्चों ने समर कैंप में निखारी प्रतिभा, मोबाइल छोड़ मैदान से जोड़ा नाता
एक माह तक चला खेल प्रशिक्षण शिविर, समापन समारोह में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

अनूपपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग अनूपपुर तथा नगर परिषद बनगवां की संयुक्त पहल पर आयोजित एक माह का समर कैंप बच्चों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ। 1 मई से 30 मई तक चले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 120 बच्चों ने भीषण गर्मी की परवाह किए बिना नियमित रूप से भाग लेकर खेलों के प्रति अपनी लगन और समर्पण का परिचय दिया। शिविर का भव्य समापन नगर परिषद बनगवां में आयोजित समारोह के साथ हुआ।
समर कैंप का उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और डिजिटल उपकरणों की दुनिया से निकालकर खेल मैदानों से जोड़ना, उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करना था। शिविर के दौरान बच्चों को विशेष रूप से वॉलीबॉल खेल का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें उन्होंने खेल की तकनीक, टीम भावना और अनुशासन का अभ्यास किया।
समापन समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखनलाल पनिका, रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव रामचंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का भी पुष्पगुच्छ और बैज लगाकर अभिनंदन किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखनलाल पनिका ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश बच्चे मोबाइल और डिजिटल उपकरणों में व्यस्त रहते हैं, जिससे उनकी शारीरिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। ऐसे समय में बच्चों का खेल मैदान में पहुंचकर अपनी प्रतिभा को निखारना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है, जिन्होंने उन्हें खेलों की ओर प्रेरित किया।
समर कैंप के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष यशवंत सिंह, लखनलाल पनिका और थाना प्रभारी सुमित कौशिक समय-समय पर प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन करते रहे। उन्होंने बच्चों को खेलों के महत्व, अनुशासन, नशामुक्त जीवन और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की सीख दी। इस अवसर पर बच्चों को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए दो वॉलीबॉल भी प्रदान किए गए।
शिविर में सह सचिव वॉलीबॉल संघ अनूपपुर एवं स्टेट रेफरी हरिशंकर यादव, स्टेट रेफरी अतुल कुमार पनिका, जितेंद्र कुमार पनिका तथा रामजी बिंद ने प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में बच्चों ने खेल की बारीकियां सीखीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में धर्मेंद्र सिंह, कमलेश चतुर्वेदी, जे.पी. श्रीवास्तव, बृजेश कुशवाहा, गिरजा विश्वकर्मा, समयलाल पटेल, गजेंद्र सिंह शिकरवार, संजय सिंह, पंकज उपाध्याय, आलोक सिंह, विक्रांत प्रताप सिंह, विनोद तिवारी, राजेन्द्र त्रिपाठी, रामाश्रय यादव, सुनीता शर्मा, संगीता माली, रीना शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समर कैंप का यह आयोजन बच्चों की खेल प्रतिभाओं को निखारने, उन्हें सकारात्मक दिशा देने तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सफल और प्रेरणादायी पहल के रूप में याद किया जाएगा।




































