संस्कृति और परंपराओं पर आंच नहीं आने दूंगा, समाज की विरासत का संरक्षण मेरी जिम्मेदारी- श्याम बिहारी जायसवाल

---Advertisement---

चिरमिरी। संस्कृति, परंपरा और महापुरुषों के सम्मान को समाज की पहचान बताते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और मनेन्द्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कुछ लोग हमारी संस्कृति को खत्म करने की साजिश कर रहे हैं लेकिन वे ऐसा नहीं होने देंगे। संस्कृति और परंपराओं को सहेजना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन जैसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपने इतिहास और गौरवशाली विरासत से जोड़ते हैं।

डोमनहिल स्थित क्षत्रिय भवन में क्षत्रिय समाज द्वारा आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मां काली के छायाचित्र का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत किया। समाज की ओर से मनोनीत एल्डरमैन उपेंद्र सिंह को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित भी किया गया।

संस्कृति पर सवाल उठाने वालों को मंत्री का जवाब

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने गरबा महोत्सव के दौरान सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणियों का संदर्भ देते हुए कहा कि क्या खर्च होने के कारण अपनी संस्कृति और परंपराओं को छोड़ दिया जाये? उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन भी समाज को एक मंच पर लाने और आपसी एकता मजबूत करने की परंपरा है। ऐसी परंपराओं को बंद करने के बजाय उन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने क्षत्रिय समाज के शौर्य और जिम्मेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षत्रिय का धर्म समाज की रक्षा करना है। आवश्यकता पड़ने पर उसकी शक्ति और साहस सामने आता है। इस दौरान उन्होंने महाराणा प्रताप सिंह, महाराणा सांगा और पृथ्वीराज चौहान जैसे वीर महापुरुषों का स्मरण कर उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

महाराणा प्रताप की प्रतिमा के लिये स्थल निरीक्षण

कार्यक्रम का महत्वपूर्ण पहलू महाराणा प्रताप सिंह की प्रतिमा स्थापना को लेकर रहा। क्षत्रिय समाज की मांग पर मंत्री ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया। प्रतिमा स्थापना के लिये लगभग 10 लाख रुपये खर्च किये जाने की बात कही गई। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि अगले शस्त्र पूजन कार्यक्रम तक प्रतिमा स्थापना का कार्य पूरा कराने का प्रयास किया जायेगा।
इससे समाज के लोगों में उत्साह देखा गया। प्रतिमा स्थापना को वीरता, स्वाभिमान और ऐतिहासिक विरासत के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है।

समाज के सहयोग से बना क्षत्रिय भवन

क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने भवन निर्माण में सहयोग के लिये मंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने चिरमिरी में बेरोजगारी की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए इस दिशा में ठोस प्रयास करने की जरूरत बताई। समाज के लोगों ने भवन के लिये स्वीकृत 37 लाख रुपये और मंच निर्माण के लिये 25 लाख रुपये की राशि के लिये धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री लगातार क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
श्री जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी उनका विधानसभा क्षेत्र जरूर है लेकिन यहां के लोगों के बीच आकर उन्हें अपने परिवार जैसा अपनापन महसूस होता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पद प्राप्त करने के लिये राजनीति करते हैं जबकि उनका उद्देश्य पद के माध्यम से लोगों के लिये काम करना है।

चिरमिरी के विकास के लिये बड़ी परियोजनाओं का जिक्र

स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में चिरमिरी में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि अमृत जल मिशन के तहत घर घर पानी पहुंचाने के लिये 185 करोड़ रुपये स्वीकृत किये गये हैं। बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिये 56 करोड़ रुपये की लागत से डोमनहिल, पोड़ी, हल्दीबाड़ी, कोरिया और गोदरीपारा में पांच विद्युत सबस्टेशन बनाये जाने की योजना है। उन्होंने जिला अस्पताल के कायाकल्प, 150 से अधिक स्टाफ की व्यवस्था, एक हजार लोगों की क्षमता वाले ऑडिटोरियम, नालंदा परिसर और रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उनके अनुसार इन योजनाओं से चिरमिरी में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
सड़कों के निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क विकास के कार्य जारी हैं और आठ मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है।

बदलाव के लिये धैर्य रखने की अपील

चिरमिरी की वर्तमान परिस्थितियों और विकास की चुनौतियों पर बात करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र में स्थायी बदलाव लाने के लिये निरंतर प्रयास की जरूरत है। उन्होंने लोगों से भरोसा बनाये रखने की अपील करते हुए कहा कि चिरमिरी में परिवर्तन की प्रक्रिया चल रही है और इसके परिणाम आने वाले समय में दिखाई देंगे।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक गठन और समाज के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका प्रयास है कि प्रदेश के किसी भी जिले में जायें तो क्षेत्र के लोगों को सम्मान की दृष्टि से देखा जाये। उन्होंने समाज के सहयोग और विश्वास को अपनी ताकत बताया।
कार्यक्रम में मनोज सिंह, प्रमोद सिंह, राम लखन सिंह, बृजेश सिंह, उपेंद्र सिंह, राजू नायक, रमन सिंह सहित क्षत्रिय समाज के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। शस्त्र पूजन के माध्यम से समाज ने अपनी परंपराओं, वीरता के इतिहास और सामाजिक एकजुटता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment