शहडोल।अनूपपुर से जैतपुर एवं छोटी सीधी तक पिकअप वाहनों में मवेशियों के अवैध परिवहन व पशु तस्करी की आशंका को लेकर शिवसेना (उद्धव बाळासाहेब ठाकरे) ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
शिवसेना संभाग अध्यक्ष पवन पटेल के आदेश पर शिवसेना शहडोल जिला अध्यक्ष शिव चक्रवर्ती ने ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि अनूपपुर क्षेत्र से जैतपुर एवं छोटी सीधी तक पिकअप वाहनों में मवेशियों का नियमित एवं संदिग्ध परिवहन हो रहा है, जिससे क्षेत्र में पशु तस्करी की आशंका व्यक्त की जा रही है। ज्ञापन चौकी प्रभारी केशवाही के माध्यम से कलेक्टर को सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया रूट
ज्ञापन के अनुसार, लपटा से पिकअप वाहन मवेशी लोड होकर चांदपुर महोदा होते हुए फुनगा पहुंचते हैं। इसके बाद फुनगा तिराहा से बमनी, बमनी से केसवाही और चौकी के बगल वाले मार्ग से गिरबा होते हुए खामीडोल पहुंचते हैं। वहां से भटिया और फिर जैतपुर पहुंचकर मवेशी खाली किए जाते हैं।
मवेशी खाली करने के बाद पिकअप वाहन दोबारा लोड होकर चूहरी, लपरी से कुदरी और फिर छोटी सीधी पहुंचते हैं, जहां वाहनों को खाली किया जाता है।
मिली सूचना के अनुसार, इन गाड़ियों का संभावित रास्ता केसवाही चौकी के बगल से गिरबा, गिरबस, खामीडोल, भाटिया, मड़सा, मर्सन तस, रसमोनी, चूहरी होते हुए बड़ी सीधी तक भी बताया जा रहा है।
इसके बाद सभी खाली पिकअप वाहन वापस केसवाही के मवहा टोला पहुंचते हैं, जहां वाहनों को खड़ा किया जाता है। बताया जा रहा है कि रात के समय इन्हीं वाहनों को दोबारा लोडिंग के लिए अलग-अलग स्थानों पर भेजा जाता है।
शनिवार को बकरा-बकरी परिवहन का आरोप
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शनिवार को अवैध तरीके से पिकअप वाहनों में बकरा-बकरी का परिवहन किया जाता है। यह परिवहन केशवाही चौकी अंतर्गत केशवाही बाजार से होते हुए सेमरिया चौक से कोतमा, भालूमाड़ा होते हुए छत्तीसगढ़ की ओर जाता है।
जांच की मांग
शिवसेना ने मांग की है कि उक्त सभी मार्गों पर चल रहे पिकअप वाहनों की आवाजाही, लोडिंग-अनलोडिंग स्थलों एवं रात में होने वाली गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में पशु तस्करी या कोई अवैध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।













































