अमरकंटक के चौथे सोमवार को उमड़ा आस्था का सैलाब ,
विधायक , जिलाध्यक्ष सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भरे कलश-कांवड़ ,
शिवभक्ति में सराबोर हुई पवित्र नगरी पहुंचे उपमुख्यमंत्री
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में सोमवार 24 अगस्त 2026 को श्रावण मास के चौथे एवं अंतिम सोमवार पर आस्था , भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला । सुबह से ही नर्मदा उद्गम क्षेत्र , ज्वालेश्वर धाम तथा नगर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा । हर-हर महादेव , बोल बम और नर्मदे हर के जयघोष से संपूर्ण तीर्थनगरी शिवमय हो उठी । हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख , शांति और समृद्धि की कामना की ।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया ज्वालेश्वर महादेव का जलाभिषेक
छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा अपने समर्थकों के साथ अमरकंटक पहुंचे । उन्होंने सर्वप्रथम मां नर्मदा उद्गम स्थल पर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया तथा प्रदेश एवं जनकल्याण की कामना की ।
कांवड़िया के रूप में नजर आए भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम
अनूपपुर भाजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह श्याम भी श्रावण भक्ति में कांवड़िया स्वरूप में नजर आए । उन्होंने नर्मदा उद्गम कुंड से पवित्र नर्मदा जल लेकर धार्मिक यात्रा प्रारंभ की । वे बावनगढ़ बमलेश्वर धाम पहुंचकर जगतगुरु स्वामी माउली सरकार के सानिध्य में भगवान शिव का नर्मदा जल से अभिषेक करेंगे । इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समर्थकों ने सहभागिता की । नर्मदा उद्गम की पवित्र भूमि से जल लेकर शिवलिंग पर अर्पित करने की परंपरा ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का संचार किया ।
विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने सपरिवार किया जलाभिषेक
पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को सपरिवार एवं हजारों समर्थकों , इष्ट-मित्रों तथा श्रद्धालुओं के साथ रविवार को राजेंद्रग्राम से पदयात्रा प्रारंभ कर सोमवार को अमरकंटक पहुंचे । उन्होंने नर्मदा उद्गम कुंड से पवित्र नर्मदा जल कलश में भरकर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंच भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया
विधायक मार्को ने वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन करते हुए पदयात्रा के माध्यम से नर्मदा जल लेकर ज्वालेश्वर धाम पहुंचते हैं । जलाभिषेक उपरांत उनके द्वारा विशाल नगर भंडारे का आयोजन भी किया जाता है , जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं ।
कांग्रेस सेवा दल पदाधिकारियों ने किया रुद्राभिषेक
श्रावण मास के अंतिम सोमवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव , प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अरुण ताम्रकार भी अमरकंटक पहुंचे । उन्होंने मां नर्मदा का पूजन-अर्चन कर उद्गम कुंड से पवित्र जल लिया तथा ग्यारह रुद्र महादेव , सिद्धेश्वर महादेव एवं ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया । इस दौरान सेवा दल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे ।
आस्था के साथ दिखी राजनीतिक सक्रियता
श्रावण के अंतिम सोमवार पर जहां हजारों श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में लीन दिखाई दिए , वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े जनप्रतिनिधि एवं नेता भी अपने समर्थकों के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए । इससे अमरकंटक में धार्मिक आस्था के साथ राजनीतिक गतिविधियों की भी विशेष हलचल देखने को मिली ।
नर्मदा उद्गम की पुण्यभूमि पर गूंजा हर-हर महादेव
नर्मदा उद्गम क्षेत्र से लेकर ज्वालेश्वर धाम और नगर के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों तक दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही । ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘नर्मदे हर’ के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और शिवमय हो उठा । श्रद्धालुओं के लिए यह दिन केवल दर्शन और जलाभिषेक का अवसर नहीं , बल्कि भगवान शिव एवं मां नर्मदा के प्रति अपनी अटूट आस्था और श्रद्धा समर्पित करने का महापर्व बन गया ।
पुलिस प्रशासन रहा सतर्क , सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जनप्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष रूप से सतर्क रहा । राजेंद्रग्राम एसडीओपी नवीन तिवारी एवं अमरकंटक थाना प्रभारी मानिम टोप्पो के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी गई । प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा लगातार निगरानी की जा रही थी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास के दौरान अमरकंटक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं , जिसके मद्देनजर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाता है । जिला प्रशासन की सतर्कता और सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते अभी तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं हुई



























































