शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा में कलेक्टर सख्त, बोर्ड परीक्षा तैयारी पर विशेष जोर

---Advertisement---
  • शिक्षा की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता- कलेक्टर
  • ऊर्जा और जिम्मेदारी से शैक्षणिक दायित्व निभाएं शिक्षक- सीईओ जिला पंचायत
  • शैक्षणिक गतिविधि की समीक्षा बैठक मे कलेक्टर व जिपं सीईओ ने दिए निर्देश

अनूपपुर 19 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिला पंचायत सभागार में शैक्षणिक विभागों की समीक्षा बैठक में जिले की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यालयों के नियमित संचालन एवं विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्राचार्य अपनी नेतृत्व क्षमता एवं सक्रियता के साथ विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करें। विद्यालय निर्धारित समय पर खुलें, शिक्षक समय पर उपस्थित हों तथा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने विद्यालय परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने, खेल मैदानों का समतलीकरण कराने तथा विद्यालयों में पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों की भूमि की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार भूमि आवंटन की कार्यवाही तथा पूर्ण हो चुके भवनों का शैक्षणिक गतिविधियों में उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। स्मार्ट क्लास, साइंस लैब एवं यूथ स्टडी हॉल का प्रभावी संचालन कर विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक एवं व्यावहारिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान देने, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराने तथा विषयवार मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। त्रैमासिक परीक्षा में कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ई-1 एवं ई-2 श्रेणी में चिन्हित कर विशेष शिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार हो सके।

कलेक्टर ने समग्र शिक्षा अभियान एवं एफएलएन कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग, विद्यालयों का निरीक्षण तथा विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति की दैनिक निगरानी कर निर्धारित गूगल शीट में रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। कम उपस्थिति वाले क्षेत्रों में अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने को कहा। यूडीआईएसई पोर्टल पर विद्यालय, शिक्षक एवं विद्यार्थियों की प्रोफाइल अद्यतन करने के निर्देश भी दिए।

एमपीटीएएएससी पोर्टल की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जाति प्रमाण पत्र एवं आधार संबंधी दस्तावेजों की कमी के कारण लंबित विद्यार्थियों की प्रोफाइल एवं पंजीयन संबंधी कार्य आगामी 15 दिवस में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित ओटीआर पंजीयन, सत्यापन एवं आईडी संबंधी समस्याओं का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित करने तथा छात्रवृत्ति एवं वित्तीय सहायता के पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को कहा।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने भी शैक्षणिक गतिविधियों एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्राचार्यों एवं शिक्षकों को पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्राचार्य अपनी नेतृत्व क्षमता से शिक्षा की बुनियाद मजबूत करें तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाकर विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास जागृत करें।

उन्होंने विद्यार्थियों के दस्तावेजीकरण संबंधी कार्य अभिभावकों से संपर्क कर पूर्ण कराने तथा विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, खेल परिसर एवं कंप्यूटर लैब जैसी मूलभूत सुविधाओं का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति तथा लंबित कार्यों की जानकारी प्रतिदिन व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करने को कहा। साथ ही छमाही परीक्षाओं का निष्पक्षता एवं कड़ाई से संचालन कर परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों का मूल्यांकन करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, बीएसी, एसीसी, संकुल प्राचार्य एवं जन शिक्षक आदि उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 19, 2026

November 19, 2026

November 19, 2026

November 19, 2026

November 19, 2026

November 19, 2026

Leave a Comment