दारसागर में आम के पेड़ के नीचे ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी, 1.55 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त; एसपी अंकित सोनी के नशामुक्त अनूपपुर अभियान को मिली सफलता
अनूपपुर। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत भालूमाड़ा पुलिस ने गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 617 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। तीनों आरोपी दमोह जिले के निवासी हैं और क्षेत्र में गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ सिंह मरकाम के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के पर्यवेक्षण में भालूमाड़ा थाना प्रभारी राधिका भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
- मुखबिर की सूचना पर दारसागर में घेराबंदी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 नवंबर 2026 की दोपहर मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति अपने पीठ्ठू बैग में अवैध गांजा रखकर दारसागर, पोड़ी-चोंडी और बरबसपुर क्षेत्र में ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भालूमाड़ा पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर शिवलेहरा रोड स्थित दारसागर में आम के पेड़ के नीचे खड़े तीन संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तीनों के कंधों पर काले रंग के बैग लटके हुए थे। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान रंजीत सिंह ठाकुर (24 वर्ष), निवासी ग्राम भजिया, थाना नोहटा, जिला दमोह; रंजीत सिंह ठाकुर (25 वर्ष), निवासी ग्राम भजिया, थाना नोहटा, जिला दमोह तथा आशीष ठाकुर (19 वर्ष), निवासी ग्राम छापरी ठाकुर, थाना हिंडोरिया, जिला दमोह के रूप में बताई।
- बैग की तलाशी में मिला 15 किलो से अधिक गांजा
पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर तीनों आरोपियों के बैग से कुल 15 किलो 617 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में भालूमाड़ा थाने में अपराध क्रमांक 339/26 के तहत धारा 8/20बी एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
- तस्करी के नेटवर्क की तलाश में पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गांजा तस्करी के स्रोत, इसकी आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों और संभावित नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ एवं जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और अनूपपुर जिले के किन क्षेत्रों में इसकी बिक्री करने की योजना थी।
भालूमाड़ा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के नेतृत्व में जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से आगे बढ़ रहा है





























