- थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में नशे के कारोबार पर कोतवाली पुलिस का शिकंजा, 13 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
अनूपपुर। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 किलो 280 ग्राम गांजा, 3 लाख 45 हजार 700 रुपये नगद तथा एक सफेद रंग की क्रेटा कार जब्त की है। जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर अंकित सोनी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी अनूपपुर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। एसडीओपी अनूपपुर द्वारा गठित विशेष टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र के दो आरोपियों को पकड़ा। इनमें एक आरोपी की उम्र 43 वर्ष तथा दूसरे की उम्र 24 वर्ष बताई गई है। दोनों आरोपी बुढार के वार्ड क्रमांक 14 के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.280 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 52 हजार 800 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 3 लाख 45 हजार 700 रुपये नगद और करीब 10 लाख रुपये कीमत की सफेद रंग की क्रेटा कार भी जब्त की गई है।
मामले में कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 576/26 के तहत धारा 8/20 बी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक के विरुद्ध पूर्व में भी अन्य जिलों एवं थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में प्रभावी कार्रवाई
नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा लगातार सक्रियता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में टीम का बेहतर समन्वय और सतर्कता सामने आई है। मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की दिशा में थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय की अगुवाई में की गई यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक शिव शंकर प्रजापति, नितिन नामदेव एवं आरक्षक सोनू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश गया है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





























