श्री जी धाम कॉलोनी में सोसाइटी कार्यालय का शुभारंभ, अतिथियों का सम्मान
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार शहर के रतलाम रोड स्थित श्री जी धाम कॉलोनी में बुधवार, 17 सितंबर को श्री जी सोशल वेलफेयर सोसाइटी के नवीन कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया
नवीन कार्यालय का शुभारंभ समारोह के विशेष अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा महेश बोड़ाने, वरिष्ठ समाजसेवी कुलदीप बुंदेला, कमल राठौड़ एवं महेश चौहान के करकमलों से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर कॉलोनीवासियों और सोसाइटी पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया और सोसाइटी की ओर से विशिष्ट सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जानकारी देते हुए सोसाइटी पदाधिकारियों ने बताया कि श्री जी धाम कॉलोनी के रहवासियों की सुविधा और कॉलोनी के समग्र विकास के लिए सोसाइटी का गठन किया गया है। नवीन कार्यालय शुरू होने से अब कॉलोनी की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव, लाइट-पानी से जुड़ी समस्याओं और सामाजिक, धार्मिक गतिविधियों का संचालन अधिक व्यवस्थित और सुचारू रूप से किया जा सकेगा। सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य कॉलोनी को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श कॉलोनी बनाना है।
इस अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष विष्णु प्रसाद राठौड़, उपाध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा एवं राजेश राठौड़, सचिव विक्की राठौड़ एवं मनोज परमार, कोषाध्यक्ष डॉ. राकेश वर्मा एवं गोविंद अग्रवाल सहित कार्यकारिणी सदस्य भेरू सिंह देवड़ा, प्रवीण ठाकुर, अरुण अग्रवाल, नटवर सिंह सिसोदिया, मुकेश ठाकुर, सुमेर सिंह ठाकुर, महेश सिसोदिया, सूरज परमार, लोकेश मकवाना, राजेंद्र सिंह डंग सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन लोकेश मकवाना द्वारा किया गया। अंत में सोसाइटी अध्यक्ष द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं कॉलोनीवासियों का आभार व्यक्त किया गया।



































































