- “संतन के संग लाग रे, तेरी अच्छी बनेगी” की गूंज से भक्तिमय हुआ शांति कुटी आश्रम
- मुंबई के अजय याज्ञिक द्वारा हुआ भावपूर्ण सुंदरकांड पाठ
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए शिष्य एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में अपने गुरुओं का पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं ।
इसी क्रम में अमरकंटक स्थित शांति कुटी आश्रम में परम पूज्य श्रीमहंत स्वामी रामभूषण दास जी महाराज के सान्निध्य में महाराष्ट्र के मुंबई से पधारे प्रसिद्ध मानस मयंक श्री अजय याज्ञिक जी द्वारा भावपूर्ण एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया ।
“संतन के संग लाग रे, तेरी अच्छी बनेगी” जैसे भक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति से पूरा आश्रम भक्तिमय वातावरण में डूब गया ।
सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर होकर भगवान श्रीराम की भक्ति का आनंद लेते रहे । श्री अजय याज्ञिक जी ने अपने मधुर स्वर , प्रभावशाली वाचन एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया ।
कार्यक्रम के दौरान हनुमान जी की भक्ति और जीवंत पर वाचन कर श्रद्धा , उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला ।
शांति कुटी आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के समापन उपरांत सुंदरकांड पाठ का यह विशेष आयोजन संपन्न हुआ । गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर बुधवार को अमरकंटक के विभिन्न आश्रमों एवं धार्मिक स्थलों में श्रद्धा और आस्था के साथ गुरु पूजन एवं विविध धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे ।
श्री कल्याण सेवा आश्रम , शांति कुटी आश्रम , मार्कण्डेय आश्रम , श्रीपरमहंस धारकुंडी आश्रम तथा गीता स्वाध्याय मंदिर सहित अनेक आश्रमों में गुरु पूर्णिमा पर्व भक्तिभाव , श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा ।
















