3 घंटे में नागपुर रेलवे स्टेशन से मिली गुमशुदा छात्रा

---Advertisement---
  • सोशल मीडिया और साइबर सेल की मदद से मिली सफलता, परिजनों को सुरक्षित सौंपा गया

बिजुरी, 25 जुलाई। अनूपपुर जिले की बिजुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा 19 वर्षीय छात्रा को महज तीन घंटे के भीतर खोज निकालकर परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया। पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के चलते छात्रा को महाराष्ट्र के नागपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल दस्तयाब किया गया। इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम और एसडीओपी आरती शाक्य के मार्गदर्शन में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र तलाश के अभियान के तहत यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को बिजुरी निवासी एक व्यक्ति ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री, जो बिजुरी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है, 23 जुलाई की दोपहर घर से सामान लेने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के साथ मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने जांच शुरू कर छात्रा के दोस्तों से पूछताछ की और उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसी दौरान मोबाइल फोन से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। साइबर सेल की सहायता से तकनीकी जानकारी जुटाई गई, जिससे यह पुष्टि हुई कि छात्रा ट्रेन में सफर कर रही है। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे स्टाफ से समन्वय स्थापित कर नागपुर रेलवे स्टेशन पर छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

छात्रा को दस्तयाब करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी के सकुशल मिलने से परिवार में खुशी का माहौल लौट आया और परिजनों ने पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में उदय प्रजापति, मनोज उपाध्याय, राजेंद्र अहीरवार, पंकज मिश्रा और संगम तोमर शामिल रहे, जिनके समन्वित प्रयास से गुमशुदा छात्रा को सुरक्षित तलाश कर परिजनों तक पहुंचाया जा सका।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment