पुनर्वासित एवं परियोजना-प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसरों के सृजन की दिशा में वस्त्र उद्योग स्थापना की संभावनाओं के अध्ययन हेतु सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज बेंगलुरु स्थित आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड (एबीएफआरएल) की वस्त्र विनिर्माण इकाई का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान बीसीसीएल प्रतिनिधिमंडल ने एबीएफआरएल की विनिर्माण इकाई में संचालित उत्पादन प्रणाली, उत्पादन श्रृंखला, गुणवत्ता प्रबंधन व्यवस्था तथा विभिन्न उपयोगिता एवं सहायक प्रणालियों का विस्तृत अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल को एबीएफआरएल की ओर से संपूर्ण उत्पादन प्रक्रिया एवं औद्योगिक संचालन से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं प्रबंधकीय पहलुओं की जानकारी भी प्रदान की गई। इस दौरान बीसीसीएल एवं आदित्य बिड़ला समूह के अधिकारियों के बीच पुनर्वासित एवं परियोजना-प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार एवं आजीविका सृजन की संभावनाओं, संभावित सहयोग के क्षेत्रों तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उपयुक्त औद्योगिक मॉडल के क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा हुई तथा विचार साझा किए गए।

बीसीसीएल प्रतिनिधिमंडल में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल के अतिरिक्त डीटीओपी श्री संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक (जेएमपी) श्री राजीव चोपड़ा तथा अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ शामिल हैं। वही आदित्य बिड़ला समूह की ओर से मुख्य आपूर्ति श्रृंखला अधिकारी (Chief Supply Chain Officer) श्री स्वामीनाथन रामचंद्रन, मुख्य स्थिरता अधिकारी (Chief Sustainability Officer) डॉ. नरेश त्यागी, प्रेसिडेंट–ग्रुप कॉरपोरेट अफेयर्स, बेंगलुरु श्री विवेक वाल्सन, प्रेसिडेंट–ग्रुप कॉरपोरेट अफेयर्स, दिल्ली श्री सुनील कुमार तथा हेड-मैन्युफैक्चरिंग, आदित्य बिड़ला लाइफस्टाइल ब्रांड्स श्री सुधाकरन गुरुनाथन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अध्ययन दौरे के दूसरे दिन 20 जून को दोनों पक्षों के बीच प्रस्तावित औद्योगिक मॉडल, उसके संभावित क्रियान्वयन तथा रोजगारोन्मुख औद्योगिक गतिविधियों के विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। अध्ययन दौरे से प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर बीसीसीएल द्वारा आगे की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा।





































