धनबाद के स्कूली विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अपनी कला, कौशल एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रदर्शन हेतु एक सशक्त एवं प्रभावी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा आगामी 27 एवं 28 जून को कम्युनिटी हॉल, कोयला नगर में दो दिवसीय ‘टैलेंट कार्निवल’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से आज बीसीसीएल गेस्ट हाउस, कोयला नगर में दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं, प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, प्रतिभागी विद्यालयों की सहभागिता, पंजीकरण, मंच एवं व्यवस्थागत तैयारियों सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, दीक्षा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, दीक्षा महिला मंडल की अन्य सदस्याएँ, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) श्री मनीष मिश्रा, विभागाध्यक्ष (औद्योगिक संबंध/सीएसआर) श्री सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा जे. कुजूर, विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि दीक्षा महिला मंडल सदैव समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा होती है, जिसे उचित अवसर, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन मिलने पर वह नई ऊँचाइयों तक पहुँच सकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस टैलेंट कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है
उल्लेखनीय है कि दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा आगामी 27 एवं 28 जून को इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें धनबाद के लगभग 30 प्रमुख विद्यालयों को आमंत्रित किया गया है। आमंत्रित विद्यालयों को निमंत्रण-पत्र भेजे जा चुके हैं तथा पंजीकरण सहित आवश्यक प्रक्रियाएँ पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत सोलो डांस, ग्रुप डांस तथा सोलो सिंगिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी शास्त्रीय (क्लासिकल) एवं फ्रीस्टाइल (फ्रीस्टाइल) दोनों विधाओं में अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे। प्रतियोगिता में कक्षा VI से X तक के छात्र भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों का अपने-अपने विद्यालय द्वारा नामांकित होना अनिवार्य होगा।
विद्यालयों द्वारा अपनी आंतरिक चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागी आगामी 27 एवं 28 जून को कम्युनिटी हॉल, कोयला नगर में आयोजित अंतिम प्रस्तुतियों में भाग लेंगे। कार्यक्रम के समापन अवसर पर 28 जून को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
विदित हो कि दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में समय-समय पर शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक संवर्धन तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रमों एवं जनहितकारी पहलों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी श्रृंखला में आयोजित यह ‘टैलेंट कार्निवल’ स्कूली छात्रों की प्रतिभा को पहचान देने तथा उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।





































