व्यापारियों को निशाना बनाने वाले 4 चोर गिरफ्तार, 65 हजार का चोरी का सामान बरामद

---Advertisement---
  • सिटी कोतवाली पुलिस की कार्यवाही, स्टेशनरी दुकान से नगदी और ग्लास फैक्ट्री से चोरी किये गये चार बड़े मोटर पंप बरामद

मनेन्द्रगढ़। शहर में व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किये गये चार बड़े मोटर पंप और 5 हजार रुपये नगद सहित कुल 65 हजार रुपयों का मशरूका बरामद किया है। दोनों चोरी के मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला 24 अक्टूबर 2026 का है। पेण्ड्रा दफाई निवासी हसन (40 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी स्टेशनरी दुकान की छत की शीट निकालकर दुकान में प्रवेश किया और वहां रखी 40 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। शिकायत पर सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ में अपराध क्रमांक 262/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई वहीं चोरी की दूसरी घटना 12 नवंबर 2026 को सामने आई। स्टेट बैंक के पीछे रहने वाले मोतीउर रहमान (46 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उनकी ग्लास निर्माण की अंडरग्राउंड फैक्ट्री से अज्ञात चोर चार बड़े मोटर पंप चोरी कर ले गये हैं। इस मामले में अपराध क्रमांक 290/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

दोनों घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अंकित और शेखर राज ने स्टेशनरी दुकान से नगदी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई 40 हजार रुपये की रकम में से दोनों ने 20-20 हजार रुपये आपस में बांट लिये थे और बाद में अधिकांश रकम खाने पीने में खर्च कर दी। पुलिस ने उनके पास से शेष 5 हजार रुपये बरामद कर जब्त किया है।
इसी तरह ग्लास फैक्ट्री से चार बड़े मोटर पंप चोरी करने के मामले में अंकित उर्फ अनुपम खरे, देव उर्फ देव यादव और शेखर राज से पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने घटना वाली रात फैक्ट्री से मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किये गये चारों मोटर पंप बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में संलिप्त चार आरोपियों को 16 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, पीएसआई विकास देवांगन, पीएसआई भरत यादव, प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी, राजकुमार सेन, सुनील रजक तथा आरक्षक अमित गुप्ता, प्रमोद यादव, टोप्पो एवं महिला आरक्षक शांति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

  • संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने पुलिस की अपील

जिला एमसीबी पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा चोरी की घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 18, 2026

November 18, 2026

November 18, 2026

November 18, 2026

November 18, 2026

November 18, 2026

Leave a Comment