विद्यार्थियों को सैनिक भर्ती के लिए मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण देकर बनाएं दक्ष – कलेक्टर

---Advertisement---
  • सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के स्वत्वों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें – कलेक्टर
  • समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश

अनूपपुर 2 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के विद्यार्थियों को सैनिक भर्ती परीक्षा के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें दक्ष बनाया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में अनेक प्रतिभाएं निहित होती हैं, जिन्हें उचित दिशा एवं मार्गदर्शन प्रदान कर निखारा जा सकता है। अधिकारियों को चाहिए कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें सैनिक भर्ती परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार करें। कलेक्टर श्री झा आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।

बैठक में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन पर सभी अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वृंदावन ग्रामों के समग्र विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृंदावन ग्रामों को सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त करते हुए समग्र रूप से विकसित किया जाए।

कलेक्टर ने विगत दो वर्षों में सेवानिवृत्त हुए शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए उनके स्वत्वों के भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के समस्त स्वत्वों का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पेंशन, ग्रेच्युटी, डीपीएफ, जीपीएफ, एनपीएस सहित अन्य देय राशियों का समय पर भुगतान करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में चिकित्सकों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से टेलीमेडिसिन सुविधा के संबंध में चर्चा करते हुए इसे बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन सुविधा से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध होगा तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करने में भी सहूलियत मिलेगी।

बैठक में कलेक्टर ने जिले में संचालित सभी दिव्यांग छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों में साफ-सफाई, स्वच्छता, पेयजल की गुणवत्ता एवं शौचालयों की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रावासों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने जिले के सभी नगरीय निकायों में साफ-सफाई एवं सड़कों की मरम्मत से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने तथा नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के औद्योगिक संस्थानों से निकलने वाले राखड़ के परिवहन एवं प्रबंधन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में राखड़ का सुरक्षित परिवहन एवं समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद कर उनकी समस्याओं का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गौशालाओं में गायों को शिफ्ट करने, गौशालाओं की मैपिंग, दुग्ध उत्पादन, लोक सेवा से संबंधित प्रकरणों एवं वृक्षारोपण सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री झा ने जिले में नवीन भवनों एवं छात्रावासों में स्थानांतरण की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पुराने छात्रावास भवनों का समुचित उपयोग एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उनका जनहित में बेहतर उपयोग किया जा सके। उन्होंने पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिले में तेल यूनिट स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान नर्मदा परिक्रमा पथ, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राची अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा टी.आर. नाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment