- तीन मिठाई प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे गए
अनूपपुर 02 नवंबर 2026/ दीपावली पर्व के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। त्योहार के दौरान मिठाई, मावा एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए मिलावट की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देश पर अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन श्रीमती अलका तिवारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बृजेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा तीन मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इस दौरान स्टेशन चौक अनूपपुर स्थित प्रयाग मिष्ठान भंडार से चॉकलेट बर्फी एवं चमचम, अमलाई स्थित न्यू गुरुनानक स्वीट्स से छेना रसगुल्ला, सोन पापड़ी, खोवा एवं काजू बर्फी तथा विश्वतमाँता जोधपुर स्वीट्स से कलाकंद, मूंग दाल बर्फी, पनीर एवं पेड़ा के नमूने संग्रहित किए गए।
संग्रहित सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।







































































